छात्राओं की कुर्ती की लंबाई चेक करने के लिए कॉलेज के गेट के बाहर कर्मचारी को तैनात कर दिया गया है। कॉलेज आने वाली हर छात्रा की कुर्ती की लंबाई चेक की जाती है और तब ही उन्हें कॉलेज में एंट्री मिलती है। यह मामला हैदराबाद का है। छात्राओं की कुर्ती मापने का एक वीडियो भी इंटरनेट पर वायरल हुआ है। इस वीडियो में नजर आ रहा है कि कॉलेज की गेट पर कई छात्राएं खड़ी हैं और एक महिला कर्मचारी सबकी कुर्तियां देख उन्हें कॉलेज के अंदर एंट्री दे रही हैं। जिस छात्रा की कुर्ती की लंबाई कम है उन्हें कॉलेज में एंट्री नहीं दी जा रही है।
इस वीडियो में नजर आ रहा है कि एक महिला कर्मचारी कॉलेज की गेट पर छात्राओं की कुर्ती को देखकर उन्हें अंदर जाने का इशारा कर रही हैं। इस दौरान कई लड़कियों को वो अंदर नहीं जाने देती हैं। यह छात्राओं की पहचान पत्र चेक करती हैं और फिर उनकी कुर्ती की लंबाई। फेसबुक समेत अन्य सोशल मीडिया पर इस वीडियो को काफी शेयर किया जा रहा है। ‘Zanobia Tumbi’ नाम से बने एक फेसबुक पेज पर इससे संबंधित कई वीडियो मौजूद हैं। (वीडियो नीचे देखें)
इस वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ छात्राओं कॉलेज प्रशासन के इस कदम का विरोध भी कर रही हैं। वीडियो में एक छात्रा यह भी कहती सुनाई दे रही है कि ‘St Francis College को यहां का सबसे बढ़िया कॉलेज माना जाता है लेकिन अगर यहां यह हाल है तो दुनिया में क्या हाल होगा।’
यहां आपको बता दें कि इस कॉलेज में छात्राओं की ड्रेस को लेकर नए नियम बनाए गए हैं। यह नियम 1 अगस्त से लागू हुए हैं। कॉलेज का नया नियम कहता है कि लड़कियों को कॉलेज में एंट्री तब ही मिलेगी जब वो घुटने की लंबाई से नीचे तक की कुर्ती या स्लिवलेस पहनेंगी। घुटने से ऊपर कुर्ती पहनने वाली छात्राओं को कॉलेज में एंट्री नहीं दी जाएगी।
कॉलेज में स्लिवलेस और शॉर्टस पर भी बैन लगा दिया गया है। बता दें कि कॉलेज प्रशासन द्वारा नए नियमों से संबंधित यह अध्यादेश जुलाई में जारी कर दिए गए थे। बहरहाल अब कॉलेज प्रशासन के इस फरमान को लेकर छात्राओं ने यहा प्रदर्शन भी किया है। हालांकि अभी तक कॉलेज प्रबंधन की तरफ से इसपर कुछ भी नहीं कहा गया है। (और…CRIME NEWS)
