गुड़गांव के नाथूपुर में सिक्योरिटी गार्ड को इतना गुस्सा आया कि उसने पड़ोसी की गोली मारकर हत्या कर दी। दरअसल, उसकी पत्नी ने उसे बताया था कि पड़ोसी ने उसकी साड़ी चुरा ली है। इसके बाद पड़ोसी और गार्ड में बहस हो गई। बहस के दौरान सुरक्षा गार्ड अपने गुस्से पर काबू नहीं रख पाया और पड़ोसी के पेट में गोली मार दी। मृतक की पहचान पिंटू कुमार के रूप में हुई है। वह 29 साल का था। फिलहाल आरोपी गार्ड को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। आस-पास के लोग दहश में हैं। खबर सुनकर हर कोई हैरानी जता रहा है कि कोई एक साड़ी के लिए किसी को गोली कैसे मार सकता है।

गार्ड की पत्नी को पड़ोसी पर साड़ी चुराने का था शक

रिपोर्ट के अनुसार, नाथूपुर का रहने वाला 50 साल का आरोपी अजय सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कासगंज का निवासी है। अधिकारियों के अनुसार, सिंह की पत्नी को शक था कि उसके पड़ोसी कुमार ने उसकी साड़ी चुराई है। उसने इस बारे में अपने पति को बताया। मंगलवार को इस बात को लेकर आरोपी और पीड़ित के बीच विवाद हुआ। विवाद के दौरान सिंह ने अपनी लाइसेंसी राइफल से कुमार पर गोलियां चला दीं। पुलिस ने कहा कि कुमार को इलाज के लिए डीएलएफ फेज-3 के एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

ड्यूटी पर जाते वक्त हुआ विवाद

घटना के समय हस्तक्षेप करने की कोशिश करने वाले कुमार के दोस्त के बयान के आधार पर डीएलएफ फेज -3 पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। बाद में पुलिस ने सिंह को यू-ब्लॉक नाथूपुर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कहा कि वह 2005 से नाथूपुर में एक किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रह रहा है। उसने 2002 में उत्तर प्रदेश से हथियार का लाइसेंस प्राप्त किया था।

वह एमजी रोड पर सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता था। मंगलवार को जब वह ड्यूटी पर जा रहा था तो विवाद हो गया। पुलिस ने कहा कि बहस के दौरान कुमार ने उसे थप्पड़ मार दिया जिसके बाद सिंह ने अपनी लाइसेंसी राइफल से कुमार के पेट में गोली मार दी। गोली लगने से कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। उसके कब्जे से एक राइफल, दो खाली कारतूस और बंदूक का लाइसेंस बरामद किया गया है। फिलहाल आगे की कार्रवाई की जा रही है।