यूपी के मुजफ्फरनगर ने एक शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां शामली जिले के नवोदय विद्यालय के आठ छात्रों पर सहपाठी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। फिलहाल आरोपी छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना की खबर से छात्रों के अभिवावकों में रोष है। वे स्कूल पर लापरवाही का आऱोप लगा रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, नवोदय विद्यालय के छात्रावास में आठ छात्रों पर इसी स्कूल में पढ़ने वाले एक लड़के के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार को पीड़ित के परिवार ने मामले में शिकायत दर्ज कराई।

दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार बीते 17 अगस्त को हॉस्टल में आठ लड़कों ने पीड़ित लड़के की पिटाई की। इतना ही नहीं उन्होंने उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि इन्हीं लड़कों ने 25 जुलाई को भी हॉस्टल में उसके साथ कुकर्म किया था।

शामली के पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने मीडिया को बताया कि पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर सभी आठ आरोपी छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़ित लड़के को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। इस बीच स्कूल प्रबंधन ने सभी आरोपी छात्रों को 15 दिनों के लिए निलंबित कर दिया है और घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

हैदराबाद में अनाथ लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म

हैदराबाद में एक अनाथ लड़की के साथ हैवानियत की घटना सामने आई है। यहां 15 साल की लड़की के घर में 8 लड़कों का समूह घुस आया। उनमें से 3 आरोपियों ने लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना रविवार को मीरपेट पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंदर नंदनवनम कॉलोनी में हुई। घटना से इलाके के लोगों में रोष है। गुस्साए लोगों ने पीड़िता के लिए न्याय की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपियों के खिलाफ जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए।

शिकायत के अनुसार, 8 लड़के उसके घर में जबरदस्ती घुस आए। उनमें से तीन ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वे नशे में थे। पुलिस के अनुसार, जब लड़की मदद के लिए चिल्लाने लगी तब वे भाग गए। फिलहाल पुलिस ने कई संदिग्धों को पकड़ लिया है और मुख्य आरोपी की तलाश कर रही है।