महाराष्ट्र के जालना शहर में शर्मनाक खबर सामने आई है। यहां एक 9 साल की बच्ची के साथ रेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि शख्स ने बच्ची को घर में अकेला पाकर उसे नशीला पदार्थ खिलाया और फिर उसके साथ रेप किया। इसके बाद शख्स ने बच्ची को सड़क पर अकेला छोड़ दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नशीला पदार्थ खिलाकर रेप का आरोप
दरअसल, एक अज्ञात शख्स ने नौ साल की एक लड़की को कथित तौर पर नशीला पदार्थ देकर उससे दुष्कर्म किया और उसे सड़क पर अकेला छोड़ दिया। पुलिस ने सोमवार को बताया कि यह घटना एक इलाके में रविवार रात करीब 11 बजे की है। लड़की को गंभीर हालत में एक जिला अस्पताल ले जाया गया और बाद में गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार बंसल ने मीडिया को बताया कि लड़की की हालत खतरे से बाहर है। उन्होंने आगे बताया कि पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है।
प्रारंभिक सबूत के मुताबिक, अपराध में एक व्यक्ति के शामिल होने का संदेह है। इस घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने छत्रपति संभाजीनगर सड़क को अवरुद्ध कर दिया और दोषी को पकड़ने की मांग की। पुलिस के अनुसार, अपराध में लिप्त शख्स ने लड़की को उस समय उसके घर से उठाया जब वह अकेली थी, उसे नशीला पदार्थ दिया और उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद वह उसे एक सड़क पर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने यह भी बताया कि पीड़िता अपनी मां के साथ रहती है जो किसी काम से घर से बाहर गई थी। जब महिला घर लौटी तो उसे अपनी बेटी नहीं मिली। काफी देर ढूंढने के बाद उसे पास की एक सड़क पर लड़की मिली। इसके बाद महिला ने पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज कराई।