Rape Allegation on BJP MLA Ravindranath Tripathi: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी पर एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। सबसे पहले आपको बता दें कि रवींद्रनाथ त्रिपाठी उत्तर प्रदेश के भदोही जिले की सीट से पार्टी के विधायक हैं। इस महिला ने रवींद्रनाथ के अलावा 6 अन्य लोगों पर अपने साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।
ट्रेन में हुई मुलाकात: जानकारी के मुताबिक पीड़ित महिला के पति का निधन साल 2007 में हुआ था। साल 2014 में इस महिला की मुलाकात रवींद्रनाथ के भतीजे से हुई। यह मुलाकात ट्रेन में सफऱ के दौरान हुई थी। महिला का कहना है कि सफर के दौरान विधायक के भतीजे और उनके बीच बातचीत शुरू हुई। बाद में दोनों ने एक-दूसरे को अपना फोन नंबर भी दिया।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म: महिला का आरोप है कि विधायक के भतीजे ने शादी का झांसा देकर कई सालों तक उनका यौन शोषण किया। महिला ने पुलिस को बताया है कि जब उन्होंने विधायक के भतीजे से शादी की बात कही तो उन्होंने इससे साफ-साफ इनकार कर दिया। महिला का यह भी आरोप है कि बीते रविवार को जब उन्होंने भाजपा एमएलए के विधायक से शादी करने की जिद की तब उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
MLA ने होटल में किया रेप: पीड़िता की तरफ से पुलिस को जो शिकायती पत्र दिया गया है उसमें कहा गया है कि विधायक के भतीजे ने साल 2017 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान उन्हें एक होटल में रखा था। पीड़िता का आरोप है कि उन्हें होटल में करीब 1 महीने तक यहां रखा गया जहां रवींद्रनाथ के अलावा उनके परिवार के दूसरे अन्य सदस्यों ने भी उनके साथ बलात्कार किया। महिला का यह भी आरोप है कि जब विधायक द्वारा रेप किये जाने की बात उसने उनके भतीजे को बताया तो उसने उन्हें चुप रहने के लिए कहा।
बहरहाल पुलिस को अब इस मामले में पीड़िता द्वारा शिकायत पत्र सौंपा गया है। यहां पुलिस का कहना है कि इस मामले की जांच उच्च अधिकारियों के द्वारा कराई जाएगी। आपको बता दें कि रवींद्रनाथ त्रिपाठी भाजपा के ऐसे पहले विधायक नहीं हैं जिनपर इतने संगीन आरोप लगे हैं।
इससे पहले उन्नाव से पार्टी के विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर भी गंभीर आरोप लगे थे। आरोप लगने के बाद बीजेपी ने सेंगर को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। सेंगर के अलावा पार्टी के बड़े नेता स्वामी चिन्मयानंद पर भी लॉ की छात्रा रेप का आरोप लगा चुकी है।

