मदद की गुहार लेकर पहुंची महिला ने थाने में अपने साथ दुष्कर्म किये जाने का आऱोप लगाया है। गंभीर बात यह भी है कि शिकायत लेकर आई महिला से दुष्कर्म का आरोप थाने के ही सब-इंस्पेक्टर पर लगा है। मामला राजस्थान के अलवर जिले का है। इस मामले में पीड़िता महिला ने रविवार को जब शिकायत दर्ज कराई तब पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक खुद आईजी हवा सिंह घुमरिया और पुलिस अधीक्षकतेजस्विनी गौतम आरोपी एसआई को गिरफ्तार करने के लिए थाने पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि 26 साल की यह महिला थाने में अपने पति के खिलाफ शिकायत लेकर आई थी। दरअसल महिला का आरोप था कि उसके पति उसे प्रताड़ित करते हैं औऱ उससे तलाक लेना चाहते हैं लेकिन वो अपने पति से तलाक नहीं लेना चाहती है। इस संबंध में महिला अपने पति पर कार्रवाई किये जाने की मांग कर रही थी।
SI पर लगा आरोप
26 साल की महिला का कहना है कि थाने में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर ने पहले तो महिला को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद 2 मार्च को सब-इंस्पेक्टर ने महिला को थाना परिसर में बने अपने आवास पर बुलाया और वहां उनके साथ दुष्कर्म जैसी वारदात को अंजाम दिया। इतना ही नहीं महिला का यह भी आरोप है कि 3 और 4 मार्च को भी एसआई ने अपने आवास पर बुलाकर उनके साथ इस गंदी घटना को अंजाम दिया।
2 पुलिसवाले गिरफ्तार
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पीड़िता ने इस संबंध में रविवार को थाने में शिकायत दर्ज कराई। महिला की शिकायत मिलते ही पुलिस आलाधिकारियों के बीच खलबली मच गई। आननफानन में जयपुर रेंज आईजी हवासिंह घुमरिया और यहां की पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम देर रात खुद थाने में पहुंच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाने के सब-इंस्पेक्टर को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। इसके अलावा थाने में एचएम के पद पर कार्यरत हेड कॉन्स्टेबल को भी गिरफ्तार किया गया है। हेड कॉन्स्टेबल पर आरोप है कि उसने महिला की शिकायत के कागजों पर फेरबदल की थी।
आपको याद दिला दें कि कुछ दिनों पहले अलवर में महिला के साथ गैंगरेप का मामला काफी सुर्खियों में रहा था। इसके अलावा 3 मार्च को एक अन्य महिला ने एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर पर शादी का झांसा देकर करीब ढाई साल तक दुष्कर्म करने का आऱोप भी लगाया था।