राजस्थान के पाली जिले में एक आदिवासी लड़की को बेचने और तीन साल तक उसके साथ बलात्कार करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों में से संजय नाम के शख्स ने तीन साल पहले पीड़िता को दो लाख रुपये में रामलाल को बेच दिया था। कथित तौर पर पीड़िता की अब एक बेटी भी है। पीड़िता कुछ दिनों पहले ही भागकर अपने घर पहुंची थी, तभी पिता ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी।

जानकारी के अनुसार, राजस्थान के फालसिया थाना क्षेत्र के पटिया की रहने वाली पीड़िता 3 मई 2022 को अपने घर पहुंची थी। घर पहुंचने के बाद उसने अपनी आपबीती पिता को सुनाई थी, जिसके 19 दिन बाद पीड़िता के परिवार ने अपहरण और यौन शोषण के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने संजय नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया था, जिसने पैसे के लिए लड़की को बेच दिया था।

मामले में जानकारी देते हुए फलसिया एसएचओ प्रभु लाल मीणा ने बताया, ‘करीब ग्यारह दिन पहले पटिया गांव निवासी एक आदिवासी लड़की अपने पिता के साथ थाने पहुंची थी। जिसमें संजय की गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर मुख्य आरोपी रामलाल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। एसएचओ के मुताबिक, पीड़िता तीन साल पहले वह संजय और कालू के साथ मजदूरी का काम कर रही थी।

इसी दौरान, संजय ने पीड़िता को नौकरी दिलाने का झांसा दिया और उसे सायरा जिले में ले गया था। पुलिस ने बताया कि पीड़िता को सायरा से फिर पाली जिले ले जाकर रामलाल को 2 लाख रुपये में बेच दिया गया, जिसने उसके साथ तीन साल तक बलात्कार किया। इस दौरान आरोपियों ने पीड़िता को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। आरोपियों ने उससे कहा था कि अगर उसने इस घटना के बारे में किसी को बताया तो वे उसे मार देंगे।

शिकायत के दौरान पीड़िता ने आरोप लगाया कि करीब तीन साल पहले उसे बेच दिया गया था और फिर रामलाल ने उसके साथ बलात्कार किया। इसी दौरान वह गर्भवती भी हो गई थी। पीड़िता ने आगे आरोप लगाया कि आरोपी ने शराब के नशे में उसकी पिटाई की और उसका यौन शोषण किया। पुलिस ने वारदात में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।