राजस्थान में पुलिस ने एक युवक को अपनी नाबालिग बहन के साथ दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया है। मामला नागौर जिले का है। दरअसल हाल ही में अजमेर के एक अस्पताल में इस लड़की ने एक बच्चे को जन्म दिया। बच्चे के जन्म के बाद अस्पताल के चिकित्सकों ने पुलिस को बताया कि लड़की नाबालिग है।

इस बारे में जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पूछताछ के बाद लड़की ने पुलिस के सामने जो कहानी बयां कि उसे जानकर पुलिस के भी होश उड़ गये। लड़की ने बताया कि उसके भाई और उसी के गांव के तीन अन्य लोगों ने उसके साथ कई बार बलात्कार किया।

हालांकि इस मामले में शुरू में लड़की के घरवालों ने पुलिस को बरगलाने की कोशिश की। लेकिन पुलिसिया पूछताछ में लड़की के परिजनों ने माना कि लड़की के साथ उसके भाई और गांव के कुछ लोगों ने कई बार दुष्कर्म किया। इस मामले में पुलिस ने लड़की के भाई और गांव के तीन लोगों पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।

आपको याद दिला दें कि इसी साल चेन्नई से भी एक ऐसा ही मामला सामने आया था। मार्च के महीने में यहां 15 साल के एक लड़के पर अपनी ही बहन के साथ बलात्कार का आरोप लगा था। इस मामले में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत केस भी दर्ज किया था। उस वक्त पुलिस ने बताया था कि घरेलू विवाद के चलते पिता एक साल पहले ही घर छोड़कर चले गए थे, जिसके बाद दोनों बच्चे अपनी मां के साथ रह रहे थे। आरोपी अपनी बहन से 4 साल बड़ा था।

पुलिस के मुताबिक पति से अलग होने के बाद पत्नी ने दूसरी शादी कर ली थी। अलग होने के बाद दोनों बच्चे अपनी मां के साथ ही रह रहे थे। मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता ने स्कूल में अपनी दोस्त को बलात्कार की बात बताई थी। पुलिस को पूछताछ में पता चला था कि आरोपी भाई ने अपनी बहन के हाथ-पैर बांधकर कई बार उसके साथ रेप किया। बाद में इस मामले में पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया था।