Punjab Crime News: अमृतसर पुलिस को शुक्रवार को उस समय शर्मिंदा होना पड़ा जब उसके छह अधिकारियों के दो वीडियो वायरल हो गए। जमानत पर बाहर एक कथित गैंगस्टर के साथ गाते और नाचते हुए पुलिस अफसरों का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर सामने आया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक वीडियो में देखा गया ‘गैंगस्टर’ कमल बोरी है, जिस पर एनडीपीएस अधिनियम (NDPS Act) सहित कई मामलों में आरोप लगाया गया है।
कुछ दिन पुराने वीडियो में दिखे सभी पुलिस अधिकारी पुलिस लाइन में ट्रांसफर
वीडियो के बारे में पुलिस सूत्रों ने कहा कि यह कुछ दिन पुराना है। इस वीडियो पर पंजाब पुलिस के शीर्ष अधिकारियों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। वीडियो में देखे गए सभी पुलिस अधिकारियों को उनके वर्तमान पदों से हटा दिया गया और पुलिस लाइन में ट्रांसफर कर दिया गया है। कथित विवादित वीडियो में दो डीएसपी (पुलिस उपाधीक्षक) रैंक के अधिकारी संजीव कुमार और प्रवेश चोपड़ा को देखा जा सकता है। ये दोनों अमृतसर ग्रामीण में तैनात हैं।
दो डीएसपी के अलावा विवादित वीडियो में चार SHO भी दिख रहे हैं
दो डीएसपी के अलावा विवादित वीडियो में चार SHO (स्टेशन हाउस ऑफिसर) रैंक के अधिकारी भी हैं। इनमें धर्मेंद्र कल्याण, गुरविंदर सिंह, नीरज कुमार और गगनदीप सिंह शामिल हैं। वीडियो में, डीएसपी संजीव कुमार को गाना गाते हुए दिखाया गया है, प्रवेश चोपड़ा उनके बगल में खड़े हैं, जबकि कमल बोरी उनके पास से गुजरते हुए दिखाई दे रहे हैं। दूसरे वीडियो में, SHO गुरविंदर सिंह को एक गाना गाते हुए देखा जा सकता है, जबकि कमल बोरी उनके सामने खड़े होकर उनके प्रदर्शन की सराहना कर रहे हैं।
जमानत पाकर कई महीने बाद जेल से बाहर आया है आरोपी कमल बोरी
तत्कालीन पुलिस महानिरीक्षक कुँवर विजय प्रताप सिंह जो वर्तमान में अमृतसर उत्तर से आम आदमी पार्टी के विधायक हैं ने पंजाब पुलिस में रहने के दौरान कमल बोरी के खिलाफ कई मामले दर्ज किए थे। इसके चलते ही बोरी की गिरफ्तारी हुई थी। सभी मामलों में जमानत पाने से पहले आरोपी बोरी ने कई महीने जेल में बिताए थे। अमृतसर पुलिस ने फिलहाल इन दोनों वीडियो पर सार्वजनिक रूप से टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।