पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर जिले में नाबालिग छात्रा की मौत का मामला गर्माता जा रहा है। इलाके में तनाव की स्तिथी पैदा हो गई है। कहा जा रहा है कि छात्रा की सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। असल में लड़की गुरुवार शाम से ही लापता थी। लड़की शाम के ट्यूशन पढ़ने निकली थी जिसके बाद लापता हो गई थी। घरवालों ने पूरी रात उसे खोजते रहे। फिर भी उसका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने उसकी मिसिंग रिपोर्ट दर्ज करवाई। रविवार को स्थानीय लोगों को उसका शव एक नहर में मिला।

इलाके में तनाव

पुलिस जब शव को बरामद करने पहुंची तो लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों की मांग थी कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। लोगों ने सड़क जाम कर टायर जलाए और पुलिस पर पथराव किया। इसके बाद पुलिस ने लोगों पर लाठी चार्ज कर दिया औऱ आंसू गैस के गोले भी दागे। इस बीच एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस छात्रा के शव को घसीटते हुए लेकर जा रही है।

गर्म हुई राजनीति

इस वजह से पुलिस की काफी आलोचना हो रही है। इसके बाद इस मालमे पर राजनीति गर्म हो गई है। बीजेपी ने राज्य में अराजकता का आरोप लगाते हुए सरकार-पुलिस प्रशासन को आड़े हाथो लिया है। इस वीडियो को बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) ने ट्विट कर ममता सरकार पर निशाना साधा है।

बीजेपी नेता सुवेंदु ने इस अपराध के लिए राज्य पुलिस को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि पुलिस अगले महीने तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की होने वाली यात्रा के लिए सुरक्षा व्यवस्था करने में व्यस्त है।

वहीं इस मामले में पुलिस का कहना है कि वे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रहे हैं। लड़की के शव पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। जहां लड़की का शव मिला था वहां से एक जहर की बोतल भी बरामद की गई है। फिलहाल छात्रा के शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।

शव को घसीटे जाने पर बीजेपी हमलावर हो गई है। बीजेपी का कहना है कि पुलिस ऐसी जल्दबाजी तब करती है जब वह सबूतों को मिटाकर अपराध पर पर्दा डालना चाहती है। फिलहाल इलाके में तनाव है।