शादी कर लोगों को लूट लेने वाली लुटेरी दुल्हन को पकड़ने के लिए पुलिस बाराती तक बन गई। लुटेरी दुल्हन जैसे विषय़ पर बॉलीवुड में फिल्में भी बन चुकी हैं। लेकिन यह एक रियल लाइफ स्टोरी है और इसकी कहानी भी बड़ी फिल्मी है।
जिस लुटेरी दुल्हन को दबोचने के लिए पुलिस ने एक खास प्लान बनाया उसपर राजस्थान के जोधपुर में कई लोगों को लूटने का आरोप है। दरअसल यह लड़की दुल्हन बनकर किसी दौलतमंद लड़के से शादी करती और फिर उसे लूट कर फरार हो जाती थी। इस काम को अंजाम देने के लिए लुटेरी दुल्हन ने अपना एक गैंग भी बना रखा था।
इस बार इस दुल्हन की गैंग ने राजस्थान के जालोर जिले में एक शख्स को अपना शिकार बनाने की प्लानिंग बनाई थी। लेकिन इस बार उसकी प्लानिंग पुलिस की फिल्मी स्टाइल में की गई प्लानिंग से मात खा गई। जिस तरह फिल्मों में पुलिस वाले अपराधियों को पकड़ने के लिए तरह-तरह के रूप बदलते हैं उसी तरह इस बार इस दुल्हन को पकड़ने के लिए पुलिस ने भी भेष बदला और बन गई बाराती।
जी हां, लड़की ने जिस शख्स से शादी कर उसे लूटने की तैयारी की थी पुलिस उसी शख्स की शादी में बाराती बनकर पहुंच गई। जालोर के कृष्णा होटल में कुशाल नाहटा नाम के एक युवक के साथ स्नेहा नाम की यह लड़की दूसरी शादी करने की तैयारी में थी।
कुशाल नाहटा संग स्नेहा की शादी में बाराती बनकर होटल में पहुंची पुलिस ने भोज भी उड़ाया ताकि किसी को उनपर शक ना हो। शादी में पुलिस दुल्हन के आने का इंतजार कर रही थी और जैसे ही स्नेहा कुशाल के साथ फेरे लेने पहुंची पुलिस ने स्नेहा को पकड़ लिया। दुल्हन स्नेहा के साथ-साथ पुलिस ने राजेंद्र चौपड़ा और सचिन गायकवाड़ नाम के 2 लोगों को भी गिरप्तार किया।
इन सभी को पकड़ने के बाद जब पुलिस ने उनकी करतूतों से पर्दा उठाया तो वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें खुली की खुली रह गईं। पुलिस ने बताया कि लुटेरों का यह गैंग शादी के नाम पर धनी परिवार की तलाश करते। फिर उस परिवार के कुंवारे शख्स को टारगेट कर वो उन्हें स्नेहा से शादी करने के लिए कहता था। स्नेहा का पूरा गैंग खुद को परिवार बताता था और कई बार इन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति ठीक ना होने का हवाला देकर दूल्हे के घरवालों से पैसे ऐंठे।
इतना ही नहीं कई बार तो शादी के समय या फिर शादी के बाद भी मौका देखकर स्नेहा घर में रखे महंगे गहने और पैसे लेकर फरार हो जाती थी। इस तरह इन लोगों ने कुल 10 शादियां की और सभी दूल्हों को लूट लिया। यह भी खुलासा हुआ है कि इस गैंग ने राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश जैसे राज्यों में शिकार किया है। (और…CRIME NEWS)

