तमिलनाडु में एक 19 साल की लड़की को गिरफ्तार किया गया है। लड़की पर अपनी ही मां को मारने का आरोप है। इस मामले में पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। इनमें लड़की का ब्वॉयफ्रेंड भी शामिल है। जिसके चलते लड़की ने अपनी 50 साल की मां को मरवा दिया। लड़की बी.कॉम थर्ड इयर की स्टूडेंट है। राज्य के अंजनेयपुरम स्थित थिरुवल्लूर की रहने वाली 19 वर्षीय एस देवीप्रिया अवडी के एक कॉलेज में पढ़ाई कर रही है। देवीप्रिया पर अपनी मां भानुमति को मारने का आरोप है। देवीप्रिया ने यह खौफनाक कदम मां द्वारा उसके फेसबुक ब्वॉयफ्रेंड सुरेश से चल रहे रिश्ते का विरोध करने के बाद उठाया। पुलिस ने मामले में देवीप्रिया और उसके ब्वॉयफ्रेंड के अलावा दो अन्य को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें दो नाबालिग भी हैं।
मामले पर राज्य पुलिस ने बताया कि, 19 साल की लड़की देवीप्रिया बीते एक साल से सुरेश के साथ रिश्ते में है। दोनों की मुलाकात सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर हुई थी। यहीं से दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। पुलिस के मुताबिक सुरेश खुद को आईटी प्रोफेशनल बता रहा है। देवीप्रिया ने अपने इस रिश्ते के बारे में मां को बताया। जिस पर उसकी मां ने उसे यह सब छोड़ पढ़ाई पर ध्यान देने को कहा। लेकिन देवीप्रिया ने मां की बात नहीं मानी।
पुलिस के अनुसार, मां द्वारा समझाने के बाद भी देवीप्रिया सुरेश के साथ रिश्ते में बनी रही। मामला बढ़ता देख मां ने देवीप्रिया से उसका मोबाइल ले लिया। इस बात पर नाराज हो देवीप्रिया ने किसी तरह सुरेश को फोन किया और मामले की जानकारी दी। इसके बाद उसने सुरेश से अपनी मां को मारने के लिए मदद करने को कहा। जिसके बाद सुरेश ने इस प्लान को अंजाम देने के लिए दो नाबालिगों को भी अपने साथ मिला लिया। इनमें एक की उम्र 16 और दूसरे की 17 साल है।
इसके बाद साजिश के तहत दोनों नाबालिग देवीप्रिया के घर पहुंचे। जहां दोनों की पहचान देवीप्रिया ने अपने दोस्तों के तौर पर कराई। इसके बाद देवीप्रिया ने दोनों के साथ मां पर हसिये से हमला कर दिया। जहां मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हालांकि हमले के दौरान भानुमति ने खुद को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान पड़ोसियों ने उनकी चीखें भी सुनी। इसके बाद भागने में फिराक में दोनों नाबालिगों को पकड़ लिया गया। इसके बाद पुलिस की पूछताछ में दोनों ने सारी कहानी बयां कर डाली। वहीं सुरेश को भी पुलिस ने उनसे मिली जानकारी के बाद गिरफ्तार कर लिया।

