पंजाब के पटियाला में रमजान के आखिरी जुमे के दिन दो पक्षों में हिंसक झड़प का ‘मास्टरमाइंड’ पकड़ा गया है। पंजाब पुलिस ने रविवार (एक मई, 2022) को बताया कि बरजिंदर परवाना गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दें कि, दमदमी टकसाल राजपुरा के स्वयंभू मुखिया और पटियाला हिंसा का “मुख्य साजिशकर्ता” बरजिंदर सिंह परवाना विवादों के लिए नया नाम नहीं हैं।
कौन है बरजिंदर परवाना: बरजिंदर परवाना, एक स्वयंभू धार्मिक नेता है। वह दमदमी टकसाल राजपुरा का स्वयंभू मुखिया भी है। इसके अलावा, परवाना द्वारा सोशल मीडिया प्रोफाइल पर भड़काऊ टिप्पणी और सिख चरमपंथियों के पक्ष में बातें प्रसारित करने का इतिहास रहा है। साल 1984 में जन्मा बरजिंदर परवाना अपनी स्नातक तक की पढ़ाई पूरी करने के बाद सिंगापुर चला गया था।
जब वह वापस भारत आया तो उसने अपना खुद का टकसाल शुरू किया और सिख उपदेशक बन गया। परवाना ने ही बीते शुक्रवार को सिख कट्टरपंथियों को काली देवी मंदिर की ओर बढ़ने के लिए उकसाया था। जिसमें झड़प के साथ-साथ पथराव भी हुआ था और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी थी। पुलिस डोजियर के अनुसार, उस पर चार प्राथमिकी दर्ज हैं; जिसमें अदालत ने सुनवाई के लिए कार्यवाही शुरू की है।
किसान आंदोलन में था सक्रिय: बरजिंदर परवाना, गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के खिलाफ भी मुखर रहा है। परवाना पर सबसे पहले साल जनवरी, 2016 में केस दर्ज किया गया था। परवाना को 8 जुलाई 2021 को मोहाली पुलिस ने दुश्मनी को बढ़ावा देने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इसके अलावा, कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान भी परवाना सक्रिय रहा था।
क्या था पूरा मामला: अमेरिका स्थित कट्टरपंथी संगठन सिख फॉर जस्टिस के गुरपतवंत सिंह पन्नू के विरोध में शिवसेना द्वारा खालिस्तान विरोधी मार्च निकाला जाना था। इसकी जानकारी के बाद सिख संगठनों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला दो गुटों के बीच हिंसक झड़प में बदल गया। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि प्रशासन को कर्फ्यू के साथ इंटरनेट सेवा बंद करनी पड़ गई। इस घटना के बाद अफसरों पर गाज भी गिरी थी।
क्या बोले आईजी: पटियाला के आईजी मुखविंदर सिंह छीना ने पत्रकारों को बताया, हमारी टीम ने पटियाला घटना के मुख्य आरोपी को मोहाली से गिरफ्तार किया है। शनिवार शाम तक कुल छह लोगों की गिरफ्तारी हुई है। बकौल आईजी, “पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश हैं कि असामाजिक और राष्ट्र विरोधी तत्व के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।”