ओडिशा के गंजम जिले में ऐसा मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। बताया जा रहा है कि यहां के गोपारपुर गांव में जादू-टोना करने के शक में लोगों ने 6 बुजुर्गों पर जमकर अत्याचार किया। आरोपियों ने पहले उन्हें मानव मल खाने के लिए मजबूर किया। इसके बाद उनके दांत उखाड़ डाले। पुलिस के मुताबिक, गोपारपुर गांव के कुछ लोगों को 6 बुजुर्गों पर जादू-टोना करने का शक था। लोगों का कहना था कि इन बुजुर्गों के जादू-टोने के कारण गांव में 3 महिलाओं की मौत हो गई। वहीं, 7 अन्य बीमार हैं।

घर से घसीटते हुए ले गए थे आरोपी: पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने इस वारदात को मंगलवार (1 अक्टूबर) रात अंजाम दिया। वे छहों पीड़ितों को उनके घर से जबरन घसीटते हुए ले गए। इसके बाद उन्हें मानव मल खाने के लिए मजबूर किया गया। साथ ही, पीड़ितों के दांत भी उखाड़ दिए गए। बताया जा रहा है कि इस दौरान पीड़ित मदद की गुहार लगाते रहे, लेकिन गांवों वालों ने कोई रेस्पॉन्स नहीं दिया।
National Hindi News LIVE News 03 October 2019: दिनभर की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें

पुलिस ने कराया रेस्क्यू: मामले की जानकारी जिला हेडक्वॉर्टर को मिली तो एसपी बृजेश राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ितों को रेस्क्यू कराया। पुलिस ने बताया कि इस घटना में छहों बुजुर्ग बुरी तरह घायल हो गए। सभी की उम्र 60 साल से ज्यादा बताई जा रही है। पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर है।

22 महिलाओं समेत 29 गिरफ्तार: एसपी ने बताया कि इस मामले में अब तक 29 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें 22 महिलाएं हैं। वहीं, घटना में शामिल अन्य लोगों को भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। एसपी के मुताबिक, पुलिस को बाकी आरोपियों के बारे में भी जानकारी मिल चुकी है। उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

अधिकतर पुरुष गांव छोड़कर भागे: खलीकोटे पुलिस थाने के इंचार्ज इंस्पेक्टर सत्य नारायण प्रधान ने बताया कि गिरफ्तारी के डर से अधिकतर पुरुष गांव छोड़कर भाग गए हैं। इस वक्त गांव में तनाव नहीं है, लेकिन पुलिस स्थिति पर पूरी तरह नजर रखे हुए हैं। वहीं, बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रहे हैं।