आजकल ओडिशा का एक व्यक्ति चर्चा का विषय बना हुआ है। अधेड़ उम्र का यह शख्स खुद को डॉक्टर बताकर अलग-अलग राज्यों में महिलाओं को प्रेम जाल में फंसाकर उनसे शादी करता और फिर पैसे ऐंठकर गायब हो जाता था। इस शख्स का नाम रमेश चंद्र स्वैन है, जिसने 38 सालों में 7 राज्यों की 17 महिलाओं से शादी रचाई। हालांकि, अब रमेश को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामले में जानकारी देते हुए भुवनेश्वर के डीसीपी उमाशंकर दास ने बताया कि, रमेश मैट्रिमोनियल साइट पर खुद को डॉक्टर बताकर महिलाओं से दोस्ती करता फिर उनसे शादी भी कर लेता था। इस तरह उसने करीब 17 महिलाओं को अपने जाल में फंसाया, जिसमें कई अच्छे पदों पर काम करने वाली महिलाएं भी शामिल थी। फिर खुद को मुसीबत में फंसा बताकर उन महिलाओं से पैसे ऐंठ लेता था। उस पर कई छात्रों ने मेडिकल छात्रों की सीट दिलाने में भी ठगी करने का आरोप लगाया है।
डीसीपी उमाशंकर दास ने कहा कि, रमेश चंद्र के पास से तीन पैन कार्ड, 11 एटीएम कार्ड और एक सेलफोन बरामद किया गया है। फोन को फॉरेंसिक लैब में भेजने के अलावा हम उसके बैंक खातों की भी जांच कर रहे हैं। रमेश मूलतः ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, रमेश ने कई महिलाओं को बताया था कि वह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में उपमहानिदेशक के पद पर तैनात है।
पुलिस के मताबिक, इस व्यक्ति ने अपनी पत्नियों से लाखों रुपये की ठगी की है। डीसीपी ने बताया कि अभी तक हमने रमेश की 9 पत्नियों को खोज निकाला है। साथ ही हम अपील करते हैं कि जो भी इस ठग का शिकार हुआ हो वह खुलकर सामने आए, प्रशासन उनकी पूरी मदद करेगा। पुलिस ने बताया कि उसकी पत्नियां दिल्ली, एमपी, ओडिशा, छत्तीसगढ़, असम, झारखंड और उत्तराखंड की रहने वाली हैं।
भुवनेश्वर पुलिस के मुताबिक, रमेश को जब गिरफ्तार किया गया, तब उन्हें केवल 14 मामलों की ही जानकारी ही थी। जब मामला खुला तो 3 और शादी के मामले सामने आये हैं। पुलिस ने बताया कि रमेश इन महिलाओं के साथ डॉ. बिभु प्रकाश स्वैन, डॉ. रमानी रंजन स्वैन जैसे अलग-अलग नामों से रहता था। रमेश की पहली शादी साल 1982 में हुई थी और उसके तीन बेटे हैं जो विदेश में डॉक्टर हैं।
पुलिस के अनुसार, जब रमेश के बारे में उसके गांव व करीबियों से बात की गई तो पता चला कि शायद वह केवल मैट्रिक पास है। हालांकि, गिरफ्तार किये जाने के बाद रमेश ने सारे आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि मैंने किसी भी महिला से शादी नहीं की है। पुलिस के मुताबिक रमेश ने आखिरी शादी साल 2020 में की थी।
मामले में एसीपी संजीव सतपथी ने बताया कि, रमेश की किस्मत तब धोखा दे गई जब उसके साथ भुवनेश्वर में रह रही पत्नी को दूसरी महिला के बारे में पता चल गया। इसके बाद उसने रमेश के खिलाफ बीते साल 5 जुलाई 2021 को महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
एसीपी के मुताबिक, जब उसके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था तो वह असम में दूसरी पत्नी के साथ रह रहा था। साथ ही उसे साल 2010 में हैदराबाद और 2006 में केरल से भी फर्जीवाड़ा और धोखाधड़ी के मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है। हम उसके अभिलेखों की जांच की रहे हैं। साथ ही उसके पास से बिहार स्कूल प्रमाण पत्र व कई अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं।