उत्तर प्रदेश नोएडा की सूरजपुर थाना पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है, जिसके सदस्य कुंवारे पुरुषों को अपने जाल में फंसाकर उनकी शादी कराते हैं और फिर कीमती सामान लेकर फरार हो जाते हैं। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
ऐसे तय कराते थे शादी
पीटीआई रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (द्वितीय जोन) शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि थाना सूरजपुर पुलिस ने बृहस्पतिवार को चार लोगों मालती, संतोष, अमीर और प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया। अवस्थी ने आगे बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि ये लोग कुंवारे लड़कों को अपना शिकार बनाते हैं और गिरोह की लड़की को दुल्हन बताकर रिश्ता तय करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि शादी होने के बाद लड़की ससुराल जाती है और मौका पाते ही ससुराल से कीमती गहने व नगदी लेकर फरार हो जाती है। अवस्थी ने यह भी कहा कि बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपियों में से कोई लड़की की मां, कोई चाचा, कोई भाई और कोई दादा बन जाता था।
उन्होंने आगे बताया कि लड़की को गरीब और बेसहारा बताकर कुंवारे लोगों को जाल में फंसाया जाता था और सादगी से शादी करने की बात तय की जाती थी। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने कई लोगों के साथ ठगी करने की बात स्वीकार की है।