दिल्ली में 90 साल की बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म किये जाने का मामला सामने आया है। बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म का आरोप 33 साल के युवक पर लगा है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के सामने आने के बाद महिला आयोग की अध्यक्ष ने भी इसपर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ‘दिल्ली में 90 साल की महिला को एक 33 साल का युवक जबरदस्ती उठाकर ले गया और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की और बार-बार रेप किया।’ स्वाती मालिवाल ने बताया कि उन्हें पीड़ित बुजुर्ग महिला ने बताया है कि वो बार-बार युवक से गिड़गिड़ाती रहीं कि उनको छोड़ दे लेकिन उसने नहीं सुनी। FIR दर्ज हो गई है और उसे गिरफ्तार कर लिया है।’
स्वाति मालीवाल ने आगे कहा कि ‘ये घटना ये सवाल उठाती है कि दिल्ली और देश में न तो 6 महीने की बच्ची सुरक्षित है और न 90 साल की महिला। मैं आज उपराज्यपाल और हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस से अपील करने वाली हूं और पत्र लिखने वाली हूं कि इस मामले में फास्ट्रैक तरीके से 6 महीने में फांसी की सजा दिलानी चाहिए।’
पीड़ित बुजुर्ग महिला के अनुसार शाम करीब 5 बजे वह अपने घर के बाहर दूध वाले का इंतजार कर रही थीं। उसी वक्त एक अनजान व्यक्ति ने उन्हें आकर कहा कि दूध वाला आज नहीं आया है और वो उन्हें दूध वाले के पास ले जाएगा। बुजुर्ग महिला उस शख्स की बातों में आ गईं और उसके साथ चली गईं। बताया जा रहा है कि यह शख्स महिला को लेकर एक फर्म हाउस में गया था। यहां उसने महिला के साथ बेरहमी से बलात्कार किया।
बताया जा रहा है कि जब महिला ने अपना बचाव करना चाहा तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट भी की। पीड़ित महिला के मुताबिक उन्होंने आरोपी से कहा कि वो उसकी दादी की उम्र की हैं, पर उसने उनकी एक न सुनी। महिला की चीख-पुकार सुनकर गांव के कुछ लोग मदद के लिए मौके पर जा पहुंचे और आरोपी को धर दबोचा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पकड़े गये युवक की पहचान सोनू के तौर पर हुई है। पुलिस ने महिला के बेटे को बुलाया और पीड़िता को अस्पताल भेजा। महिला का मेडिकल कराया गया है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महिला की MLC रिपोर्ट से कई चोटों की जानकारी मिली है। महिला की मेडिकल जांच रिपोर्ट में उनके शरीर और गुप्त अंगों पर चोटों की बात दर्ज है।
