Netflix की अगली सीरिज दुनिया की 5 सबसे खतरनाक क्रिमिनल्स की कहानी पर आधारित है। इन्हीं में से एक है ‘The White Widow’…हम आपको बताते हैं कि दुनिया की मोस्ट वांटेड ‘The White Widow’ आखिर है कौन? दरअसल ‘The White Widow’ नाम है Samantha Lewthwaite का। ब्रिटेन में पैदा हुई सामांथा ने एक सुसाइड बॉम्बर से शादी की और फिर दुनिया की सबसे खतरनाक आतंकवादी बनी।
पति के मरने के बाद सामांथा का नाम ‘The White Widow’ पड़ा। सामांथा पर अफ्रिका और मीडिल ईस्ट में कई आतंकी हमलों में शामिल होने का आरोप है। कई मुल्कों की पुलिस सामांथा को आज भी तलाश रही हैं और किसी को नहीं पता कि वो कहां है?
सामांथा के बारे में कहा जाता है कि उसने इस्लाम धर्म अपना लिया था। ‘Sydney Morning Herald’ के मुताबिक सामांथा इंग्लैंड के Aylesbury में आयरिश कैथोलिक मिलिट्री परिवार में पली-बढ़ी। बचपन में वो बेहद ही शांत और साधारण स्वभाव वाली लड़की थी। सामांथा जब नाबालिग थी तब ही उसने इस्लाम धर्म कबूल कर लिया था। साल 2005 में उसकी मुलाकात जर्मेन लिंडसे से हुई। दोनों की मुलाकात ऑनलाइन हुई थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों ने साल 2005 में शादी कर ली और इन्हें 2 बच्चे भी हैं। बताया जाता है कि 7 जुलाई 2005 को लिंडसे ने लंदन के King’s Cross station के पास सुसाइड अटैक किया था। इस हमले में 26 यात्रियों की मौत हो गई थी। इस घटना के वक्त सामांथा गर्भवती थी।
इस घटना से लंदन में खलबली मच गई थी। उस वक्त सामांथा ने इस घटना की कड़ी निंदा की थी और कहा कि वो कभी सोच भी नहीं सकती कि उसका पति ऐसी घटना को अंजाम दे सकता है। कहा जाता है कि पति की मौत के बाद सामांथा अचानक अपने बच्चों के साथ गायब हो गई और चुपचाप आतंकी संगठन से अल-शबाब से जुड़ गई। ऐसा भी कहा जाता है कि उसने मोरक्को में एक मुस्लिम युवक से शादी की और साल 2009 में उसे इस शादी से एक बच्चा भी हुआ।
सामांथा को लेकर एक थ्योरी यह है कि उसने Natalie Webb के नाम से कई सारे फर्जी पासपोर्ट बनवाए। इसके बाद वो आतंकी संगठन अल-शबाब के लिए पाकिस्तान, सोमालिया, यूके, जोहानसबर्ग समेत कई देशों में जाकर फंड जुटाने लगी। साल 2012 में इंटरपोल ने उसके खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी किया। पुलिस के मुताबिक साल 2011 में हुए आतंकी हमलों, मोम्बासा में साल 2012 में एक बार पर हुए ग्रेनेड हमले और साल 2013 में नैरोबी के एक शॉपिंग मॉल में हुए आतंकी हमले में सामांथा का ही हाथ था।
‘The Sun’ की रिपोर्ट के मुताबिक साल 2014 में सामांथा की मौत की अफवाहें उड़ी। कहा गया कि रूस के एक स्नाईपर ने सामांथा को गोली मार दी है। हालांकि इसकी सच्चाई कभी सामने नहीं आ पाई। कहा जाता है कि सामांथा अभी भी केन्या या सोमालिया में कही छिपी हुई है। सामांथा अभी भी आतंकवादियों के साथ है और उनके लिए काम कर रही है।