जब कभी मुंबई में डॉन का नाम आता है तो सबके दिमाग में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का नाम आ जाता है। लेकिन आज हम बात कर रहे हैं मुंबई की एक लेडी डॉन की। जिसे अंडरवर्ल्ड की दुनिया में ‘मम्मी’ के नाम से भी जाना जाता है। मुंबई की जुर्म की दुनिया में लोग करीमा मुजीब शेख को कई नामों से जानते हैं। इन्हे लोग ‘करीमा आपा’, ‘हसीना आपा’ के नाम से भी जानते हैं।  करीमा के बारे में बताया जाता है कि वो रातोंरात अवैध झोपड़ी बना कर बेच दिया करती थी। इसके अलावा उसपर हथियारों की खऱीद-फरोख्त करने का आरोप भी लगा।

कहा जाता है कि करीमा ने मुंबई जैसे शहर में सैकड़ों अवैध झोपड़ियां बनाई और उन्हें बेच दिया। पंतनगर पुलिस ने एक बार उसे तड़ीपार भी घोषित किया था। लेकिन पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर वो कई दिनों तक वर्सोवा इलाके में रहती रही। बताया जाता है कि साल 2005 में उसके खिलाफ अनाधिकृत झोपड़ी को बनाने, उसे बेचने और गिराने का केस दर्ज हुआ था। इसके बाद उसने चोरी के सामान को बेचने का धंधा शुरू कर दिया। यह भी आरोप है कि साल 2014 में उसने झुग्गी विवाद के चलते एक महिला की हत्या भी कर दी थी। जिसके बाद से इस महिला का नाम यहां डॉन के तौर पर दर्ज हो गया था।

बताया जाता है कि अपनी अपराध की फैक्ट्री चलाने के लिए यह महिला आम तौर पर अनाथ बच्चों का इस्तेमाल भी करती थी। कहा जाता है कि गैर-कानूनी रूप से झुग्गी बनाने का काम करते-करते महज 6 साल में करीमा माफिया क्वीन बन गई और उसके अंदर 50 गुंडे काम करते थे। 5वीं पास करीमा का पति कबाड़वाला था। लेकिन पति से अलग करीमा को पैसों की लत लगी और फिर वो गिरोह बनाकर अपराध करने लगी। अपने गिरोह को बड़ा करने के लिए अनाथ बच्चों को गोद लिया जो उसके लिए चोरी करने लगे। वह इसके बदले उन्हें रहने का स्थान और खाना-पीना देती थी।

करीमा के पकड़े जाने की कहानी भी काफी दिलचस्प है। साल 2020 में पुलिस ने करीमा के 2 साथियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इनके पास से हथियार जब्त किया था। इनमें से एक आरोपी विनोद पर डबल मर्डर का आरोप भी था। इन्हीं आरोपियों में से एक युसूफ ने करीमा आपा का राज़ खोला था। इस महिला के बारे में जानकर पुलिस भी एक बार चौंक गई थी क्योंकि कई मामलों में इससे पहले भी पुलिस उसे गिरफ्तार कर चुकी थी लेकिन उसके डॉन के बारे में पुलिस को कोई जानकारी नहीं थी।

पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद करीमा और उसके सहयोगियों से 40 लाख रुपये जब्त किए हैं। पुलिस खुलासे के मुताबिक, उसके पास 4 फ्लैट हैं, कामराज नगर में 40 से 50 झुग्गियां है। वह किसी भी वक्त अपने 10-12 लोगों के काफिले के साथ 2 इनोवा कार में घूमने निकल जाती थी।