इधर मुंबई में चोरी के आरोप में पकड़े गए 2 युवकों के साथ क्रूर व्यवहार किया गया। मोबाइल चोरी के आरोप में धरे गए 2 युवकों की बेरहमी से पिटाई की गई और फिर उन्हें नग्न कर घुमाया गया। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में नजर आ रहा है कि दोनों युवकों को घुमाया जा रहा है और उनके शरीर पर कपड़े नहीं हैं। इस दौरान कई लोग चोरी के दोनों आरोपियों के साथ चल रहे हैं। साथ ही साथ ढोल-नगाड़े भी बजाए जा रहे हैं। दोनों आरोपी युवकों के सिर भी मुंडवा दिये गये थे।
घटना के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक इस मामले में पुलिस ने अब तक 9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है और 5 लोगों को इस मामले में पकड़ा भी गया है। इन पांचों को युवक को नग्न कर घुमाने के आरोप में पकड़ा गया है। पुलिस ने यहां मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि ‘मोबाइल चोरी के आरोप में बुधवार को यहां लोगों ने 2 लोगों को पकड़ लिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने इन दोनों को एक कमरे में बंद कर दिया। कमरे में कैद करने के बाद इनकी पिटाई की गई तथा इनके कपड़े उतरवा दिये गये। इसके बाद इसी हालत में इन्हें परेड कराया गया।
इस अमानवीय व्यवहार का किसी ने वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया पर डाल कर वायरल कर दिया। जो वीडियो वायरल किया गया है उसमें एक युवक कहता है कि कि रात को 3 बजे घुसकर इन लोगों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था जिसमें एक मोबाइल और 30 हजार रुपया चोरी किया गया था। इस चोरी की वारदात में 3 लोग शामिल थे। इसमें से एक सहयोगी फरार है।
इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 365, 307, 324, 506 (2), 143, 145, 147, और 149 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले में कुछ अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका को लेकर अपनी जांच-पड़ताल भी कर रही है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में हाजिर किया। जहां कोर्ट ने उन्हें 11 जनवरी तक पुलिस रिमांड में भेजा है।

