मुंबई के साकीनाका इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 22 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी 20 वर्षीय पत्नी की गर्दन पर चाकू से वार करके उसकी हत्या कर दी। पुलिस को आरोपी के नाखून में लगे खून से संदेह हुआ और फिर पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल लिया। साकीनाका पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह करीब छह बजे खैरानी रोड पर हुई; जहां मृतका रीमा यादव अकेली रहती थी। 18 वर्षीय रोहित रविदास नाम के शिकायतकर्ता ने सुबह लगभग 7.30 बजे उसके (रीमा यादव) शरीर को खून से लथपथ पाया। शिकायतकर्ता रोहित जो कि पेशे एक दर्जी है और रीमा यादव का दोस्त था।
शिकायतकर्ता रोहित रविदास ने घटना के बाद ही पुलिस को फोन किया था। फिर पुलिस ने मामले में सुराग पाने के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज व उसके फोन की तुरंत जांच-पड़ताल की थी। इसके बाद पुलिस ने मृतका रीमा यादव के पति मनोज प्रजापति को पूछताछ के लिए बुलाया था। जो कि पेशे से दिहाड़ी मजदूर है।
साकीनाका पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक बलवंत देशमुख ने कहा कि, पूछताछ में मनोज प्रजापति पुलिस को बताता रहा कि इस हत्या के पीछे रीमा यादव के दोस्त रोहित का हाथ है। इस दौरान पुलिस को मनोज के हाथ के नाखूनों में खून के निशान दिखे, जिसके बाद पुलिस ने फिर उससे “कड़ी पूछताछ” की। इस पूछताछ के दौरान प्रजापति टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने हत्यारोपी पति मनोज प्रजापति के पास से हत्या का हथियार भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, मनोज प्रजापति और रीमा यादव दोनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। इन दोनों की साल 2020 में शादी हुई थी। घटना से छह महीने पहले ही रीमा यादव ने मनोज और उसकी मां के साथ हुए घरेलू झगड़ों को लेकर अंधेरी (पूर्व) के चांदीवली में अपना घर छोड़ दिया था।
इस घटना के बाद मनोज और रीमा अलग-अलग रह रहे थे। इस घटना से करीब एक महीने पहले मृतका रीमा यादव की मुलाकात रोहित रविदास से हुई थी। जब वह दोनों एक ही कंपनी में काम कर रहे थे। इसी दौरान वह दोनों दोस्त बन गए और पिछले 10 दिनों से रविदास ही रीमा यादव को खाना मुहैया करा रहा था, क्योंकि उसकी (रीमा) की नौकरी छूट गई थी।