महाराष्ट्र में सरेआम बीच सड़क एक युवती पर चाकू से हमला किया गया। हमले का आरोप लड़की के पूर्व प्रेमी पर लगा है। घटना के बारे में विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि 22 साल की इस युवती को उसके पूर्व बॉयफ्रेंड ने मुंबई में बीच सड़क पर चाकू से मारा। उसने यह भी कहा कि वो नहीं चाहता कि वो किसी औऱ के साथ रिलेशनशिप में रहे।
बताया जा रहा है कि हमले की यह वारदात युवती के घऱ से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई है। शाम के वक्त करीब 6.30 बजे युवती पर यह हमला हुआ है। जानकारी के मुताबिक युवती पैकेजिंग यूनिट में बतौर कर्मचारी काम करती हैं। शनिवार की शाम को अपने ऑफिस से घर लौट रही थी, इसी दौरान युवक ने चाकू से उनपर हमला कर दिया।
आरोपी युवक की पहचान 26 साल के अर्जुन सिंह के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि बीच सड़क अर्जुन ने अपनी पूर्व प्रेमिका का हाथ पकड़ लिया, जब युवती ने उससे हाथ छुड़ाने की कोशिश की तब युवक ने चाकू से महिला के पेट पर वार किया। बताया जा रहा है कि उस वक्त सड़क पर काफी राहगीर भी थे लेकिन किसी ने लड़की की मदद नहीं की। इस हमले को अंजाम देने के बाद युवक वहां से फरार भी हो गया।
चाकू से हमले में घायल युवती किसी तरह अपने घर पहुंची। युवती की हालत देख घरवालों के होश उड़ गए। लड़की के पिता ने उसे तुरंत नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के अगले दिन युवक ने खुद ही साकी-नाका पुलिस स्टेशन में जाकर सरेंडर कर दिया।
पुलिस ने जानकारी दी है कि घायल लड़की और अर्जुन 4 साल तक रिलेशनशिप में रहे। करीब एक साल तक दोनों साथ भी रहे। लेकिन अर्जुन को शराब और ड्रग्स की आदत थी जिसकी वजह से कई बार उसकी नौकरी भी गई। बाद में इसी वजह से लड़की ने उसे छोड़ दिया और अपने माता-पिता के पास वापस चली गई।
बताया जा रहा है कि रिश्ता तोड़ने के बाद अर्जुन अक्सर लड़की पर दोबारा रिश्ता जोड़ने के लिए दबाव बनाता था। अर्जुन ने उससे कहा कि अगर ‘मेरे साथ नहीं तो तुम किसी के साथ रिश्ते में नहीं रह सकती’। अब इस मामले में पुलिस ने आरोपी अर्जुन को गिरफ्तार किया है औऱ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

