मध्य प्रदेश के मुरैना से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां पर एक शादी में गई महिला को पहले अगवा किया गया, फिर उसे बेच दिया गया; इस दौरान नौ लोगों ने एक सप्ताह तक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर से 4 लाख रुपये में उसे बंधुआ मजदूर के रूप में बेच दिया। हालांकि, किसी तरह महिला भागने में सफल रही और उसने पुलिस ने शिकायत में दर्ज कराई।

घटना के संदर्भ में 24 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह एक शादी में शामिल होने जौरा रोड गई थी। तभी 18 फरवरी को चार लोगों ने उसका अपहरण कर लिया था। महिला ने पुलिस को दी गई शिकायत में उन अपहरणकर्ताओं के नाम भी बताएं हैं। महिला ने पुलिस को बताया कि अपहरण करने वालों ने बाद में उसे भिंड के तीन लोगों को बेच दिया।

टीओआई की खबर के मुताबिक, महिला ने पुलिस को बताया कि उसे एक हफ्ते से अधिक समय तक एक बंद कमरे में रखा गया और नौ लोगों द्वारा बार-बार दुष्कर्म किया गया। महिला के साथ हैवानियत का दौर यहीं नहीं रुका बल्कि उसे फिर से कटमा गांव के एक व्यक्ति को 4 लाख रुपये में बेच दिया गया, जो उसे मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में लेकर चला गया था।

महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि राजगढ़ जिले में लेकर जाने वाले शख्स ने न केवल उसका यौन शोषण किया, बल्कि उसे अपने खेत में बंधुआ मजदूर का काम भी कराया। कई दिनों तक उसने रायगढ़ जिले में बंधुआ मजदूर का काम किया। महिला ने बताया कि 25 मई को जब वह खेत में काम कर रही थी, तभी उसे वहां से भागने का मौका मिल गया। इसके बाद वह रायगढ़ से भाग निकली और अगले दिन वह एक पुलिस स्टेशन पहुंच गई।

पुलिस ने इस मामले में नौ लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म करने, बंधक बनाने, मानव तस्करी और वेश्यावृत्ति का मामला दर्ज किया है। महिला ने शिकायत में बताया है कि इस मामले में वह व्यक्ति भी शामिल है, जो उसे 12 साल की उम्र में पिता के निधन के बाद देखभाल करने के झांसे से अपने घर ले गया था। लेकिन फिर साल 2020 में 4 लाख रुपये के लिए शख्स ने उसकी जबरन शादी कर दी थी।