कोलकाता में एक मां पर आरोप है कि उसने अपनी नवजात बेटी को दूसरी महिला को 4 लाख रुपये में बेच दिया। जब मां ने बच्ची को बेचा तो वह सिर्फ 21 दिन की थी। फिलहाल नवजात बेटी को दूसरी महिला को बेचने के आरोप में मां को गिरफ्तार लिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी मां रूपाली मंडल ने अपनी बच्ची को 4 लाख रुपये में बेच दिया था।

आरोपी महिला कोलकाता के नोनाडांगा में रेल कॉलोनी की रहने वाली है। मामला तब सामने आया जब आनंदपुर पुलिस स्टेशन के अधिकारियों को आरोपी मां के बच्ची के बदले लेनदेन के बारे में जानकारी मिली।

इसके बाद पुलिस ने मां से पूछताछ की लेकिन वह अधिकारियों को संतोषजनक जवाब नहीं दे पाई। इसके बाद सोमवार सुबह महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। जानकारी के अनुसार, उसने अपना अपराध भी कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने रूपा दास और स्वप्ना सरदार नामक दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। वे भी इस मामले में शामिल थे।

जानकारी के अनुसार, आरोपी मां रूपाली की पड़ोसन प्रतिमा भुइंया की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। आरोपियों पर धारा 317 (बच्चे को छोड़ना), 370 (व्यक्ति को खरीदना, निपटाना), 372 (नाबालिग को बेचना) और 120 बी (आपराधिक साजिश) के साथ-साथ किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) की संबंधित धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।

शादी के 15 साल बाद मां नहीं महिला तो 4 लाख में खरीदा बच्चा

पुलिस ने जह दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की तो उन्होंने मिदनापुर की कल्याणी गुहा की ओर इशारा किया। इसके बाद गुहा को परनारश्री पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बच्ची को उसके कमरे से बरामद किया। जानकारी के अनुसार, कल्याणी गुहा शादी के 15 साल बाद भी नि:संतान है। फिलहाल बच्ची को चाइल्ड केयर यूनिट को सौंप दिया गया है।