महाराष्ट्र के अहमदनगर से एक दिल दुखाने वाली खबर समाने आई है। यहां पाथर्डी तालुका के मालीबाभुलगांव के पास पोल्ट्री फार्म के कुएं में एक ही परिवार के चार लोगों का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। गांव के लोग दहशत में है। जिन लोगों के शव मिले हैं उनमें मां, दो बेटियां और एक बेटा शामिल है। फिलहाल पुलिस ने महिला के पति को हिरासत में ले लिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एक ही परिवार के चार लोगों का शव मिलने से सनसनी
दरअसल, बुधवरा रात पति-पत्नी में काफी बहस हुई थी। इसके बाद गुरुवार सुबह उनका शव कुएं में मिला। पोल्ट्री फार्म के मालिक ने गुरुवार सुबह देखा कि एक बच्चे का शव कुएं में तैर रहा है। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कुएं का पानी निकाला तो एक के बाद तीन और लाशें मिली। लगातार लाशें मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। मृतक महिला की पहचान कंचन के रूप में हुई। वह उसी पोल्ट्री फार्म में काम करती थी।
रात के समय पति और पत्नी में हुआ थी बहस
स्थानीय लोगों के अनुसार,महिला और उसके पति धम्मपाल के बीच बुधवार रात को बहस हो गई थी। जिसके बाद उनके पड़ोसियों ने हस्तक्षेप किया और उन्हें शांत करने की कोशिश की। इसके बाद अगले दिन कंचन और उसके तीन बच्चों के शव कुएं में पाए गए। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। समझ नहीं आ रहा कि आखिर रातभर में ऐसा क्या हुआ कि महिला औऱ तीन बच्चों का शव अगले दिन कुएं में मिला। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या के एंगल से जांच कर रही है।
धम्मपाल परिवार के साथ पोल्ट्री फार्म पर ही रहता था
रिपोर्ट्स के अनुसार, धम्मपाल शराब पीने का आदि है। वह मूल रूप से नांदेड़ जिले के कोर्री का रहने वाला है। पिछले महीने वह और उसका परिवार पोल्ट्री फार्म में मजदूरी करने के लिए आया था। धम्मपाल अपने परिवार के साथ पोल्ट्री फार्म पर ही रहता था।
बुधवार रात किसी बात को लेकर दोनों में बहस हुई और अगली सुबह पत्नी और तीन बच्चों की लाश कुएं में मिली। पुलिस को महिला धम्मपाल पर हत्या का शक है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मामले का खुलासा होगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।