राजस्थान के अलवर में एक छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यहां 24 घंटे के भीतर दुष्कर्म का यह चौथा मामला है। ऐसा लगता है कि यहां अपराधियों के हौंसले बुलंद हो गए हैं। शासन-प्रशासन इन मामलों पर चुप्पी साधे हुए है। आखिर इन मामलों पर कार्रवाई कौन करेगा? राजस्थान सरकार बेटियों की सुरक्षा के मामले में फेल होती दिख रही है। ऐसा लगता है कि यहां गुंडा राज कायम हो गया है। ताजा मामला अलवर जिले का ही है। यहां रविवार को 17 साल की एक स्कूली छात्रा का कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया। इसके बाद आठ लोगों ने उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया। इसके साथ ही 24 घंटे के भीतर जिले में सामने आने वाला दुष्कर्म का यह चौथा मामला बन गया।

दुष्कर्म की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल

एक दूसरे मामले में बाड़मेर जिले में एक 15 साल की दलित लड़की के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया गया। वारदात तब हुई जब वह घर पर अकेली थी। इतना ही नहीं उसकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल की गईं। फिलहाल आरोपी फरार है। उसके एक साथी ने पीड़िता की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की थीं। पुलिस के अनुसरा, पीड़िता 12वीं कक्षा की छात्रा है। उसके माता-पिता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कॉलेज के एक छात्र ने दिन के समय बहला-फुसलाकर उसका अपहरण कर लिया था।

देर रात एक घर में गंभीर अवस्था में मिली पीड़िता

सामूहिक दुष्कर्म मामले में मालाखेड़ा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद पुलिस देर रात तक अलवर शहर में खोजबीन की। इस दौरान पीड़िका एक घर में गंभीर हालत में मिली। आरोपी भागने में सफल रहे मगर पीड़िता के बयान के आधार पर तीन आरोपियों को सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान समीन (19), शाहरुख (25) और बिजेंद्र प्रजापत उर्फ ​​विजय कुमार (21) के रूप में हुई। अलवर के एसपी आनंद शर्मा ने कहा है कि पीड़िता समीन को पहले से जानती थी। समीन के अलावा फरार पांच आरोपियों में से एक सामूहिक बलात्कार के मामले में वांछित है। बाकी पीड़िता के अपहरण करने और मुख्य आरोपी को भगाने के आरोप में वांछित हैं। इन सभी पर आईपीसी और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।

दुष्कर्म के बाद दो बहनें हुईं गर्भवती

इससे पहले दुष्कर्म का एक ऐसा मामला सामने आया था जिसमें दो बहनों के साथ उसके पिता के सहकर्मियों ने 18 महीनों में कई बार कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया था। पेट दर्द होने पर उनके पिता उन्हें अस्पताल लेकर गए थे जहां पता चला था कि दोनों गर्भवती हैं। इस मामले में सोमवार देर रात तक कोई भी संदिग्ध पकड़ा नहीं जा सका था।

चाकू की नोक पर हुआ लड़की का अपहरण

एक और सामूहिक बलात्कार का मामला 16 साल की लड़की के परिजनों ने दर्ज कराया था। परिजनों का अरोप था कि चाकू की नोक पर लड़की का अपहरण कर लिया गया था और उसके साथ मारपीट की गई थी। अब देखना है कि इन सभी मामलों में क्या कार्रवाई होती है।