मुंबई में बीते साल अक्टूबर में 20 वर्षीय मॉडल मानसी दीक्षित की हुई हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, हत्या के आरोप में गिरफ्तार किए गए 19 साल के फोटोग्राफर मुजामिल ने मानसी द्वारा संबंध बनाने से इंकार करने पर उसकी हत्या की थी। पुलिस ने बीते दिनों ही मामले की चार्जशीट दायर की ही। जिसमें इसका जिक्र है।

पुलिस के अनुसार, मुजामिल मानसी को हत्या से कुछ दिन पहले से ही जानता था। इस दौरान उसका झुकाव उसकी तरफ हो गया। उसने बताया था कि, मैंने मानसी को फोटोशूट के बहाने बुलाया था। यहां उसके आने पर संबंध बनाने की मांग की। हालांकि उसने ऐसा कुछ भी करने से मना कर दिया। कई बार दबाव डालने के बाद भी वह नहीं मानी। इसके बाद मैंने उसके सिर पर लकड़ी का स्टूल मार दिया।

पुलिस की दायर की चार्जशीट के अनुसार, मुजामिल द्वारा हमले के बाद मानसी बेहोश हो गई। इसके बाद उसने उसके साथ छेड़छाड़ की और बलात्कार का प्रयास किया। फिर उसने एक फीता और रस्सी से उसका गला घोंट दिया। उसके मरने के बाद मुजामिल ने मानसी की लाश को सूटकेस में भरा और कैब में अंधेरी से मलाड लाकर उसे माइंडस्पेस के पास की झाड़ियों में फेंककर चला गया। इसके साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया था कि मानसी दीक्षित के निजी अंगों पर भी निशान पाए गए।

बता दें कि, महाराष्ट्र में मुंबई के मलाड में एक सूटकेस के अंदर से 20 साल की मॉडल मानसी की लाश बरामद हुई थी। मृतका मानसी दीक्षित राजस्थान के कोटा की रहने वाली थी। वह मुंबई में पढ़ाई के साथ-साथ मॉडलिंग भी कर रही थी। इस मामले में बांगुर नगर पुलिस ने 19 साल के एक फोटो ग्राफर मुजामिल को गिरफ्तार कर लिया था। जिस पर मॉडल मानसी की हत्या का आरोप है।