Mumbai News: मुंबई से चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां के हवाई अड्डे पर टॉयलेट के कूड़ेदान से बीतों दिनों एक नवजात शिशु बरामद किया गया था। वीभत्स घटना के चार दिन बाद पुलिस ने कहा कि उन्होंने 16 साल की लड़की की पहचान बच्चे के मां के रूप में की है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने बताया कि छात्रा और उसकी मां रांची के लिए उड़ान भरने वाली थीं, तभी उसे प्रसव पीड़ा होने लगी।

कूड़ेदान में छोड़ दिया गया था नवजात

पुलिस ने बताया कि पूछताछ में लड़की और उसकी मां ने दावा किया कि ये “गर्भपात” था। हालांकि, पुलिस यह पता लगा रही है कि क्या बच्चा पैदा हुआ था या उसने मृत बच्चे को जन्म दिया था या फिर ये एक भ्रूण था जिसे कूड़ेदान में छोड़ दिया गया था।

यह भी पढ़ें – अनुष्ठान के नाम पर लड़कियों का यौन उत्पीड़न करने वाले गैंग का भंडाफोड़, 14 लोग गिरफ्तार, इस तरह काम करता था पूरा गिरोह

रिपोर्ट के अनुसार सहार पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। यहीं मामला दर्ज किया गया है। चूंकि लड़की नाबालिग है, इसलिए उस व्यक्ति के खिलाफ बलात्कार का मामला भी दर्ज किया गया है, जिसके साथ वह रिश्ते में थी। उस पर यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (POCSO) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

कैमरों की फुटेज से लड़की का पता लगाया

बता दें कि पिछले मंगलवार को हवाई अड्डे पर हाउसकीपिंग स्टाफ ने टी2 पर वूमेन टॉयलेट के कूड़ेदान में मृत शिशु या भ्रूण पाया था। पुलिस ने कहा कि उन्होंने हवाई अड्डे लगे कैमरों की फुटेज से लड़की का पता लगाया। लड़की और उसकी मां, जिन्हें प्रेग्नेंसी के बारे में पता था, ने अपनी उड़ान के निर्धारित समय से दो घंटे से अधिक समय पहले हवाई अड्डे पर चेक इन किया था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि लड़की का दावा है कि वो कुछ दिन पहले गिर गई थी। उसने बताया कि उसे एयरपोर्ट पर लेबर पेन हुआ। उन्होंने कहा, “एयरपोर्ट पर लगे कैमरों की फुटेज में लड़की अपनी मां के साथ शौचालय जाने से पहले बेचैनी से इधर-उधर टहलती हुई दिखाई दे रही है। उसने पुलिस को बताया कि उसका वॉशरूम में गर्भपात हो गया था। मां ने बताया कि उसने लड़की को ‘भ्रूण’ को वॉशरूम के डिब्बे में छोड़ने में मदद की थी।”

यह भी पढ़ें – लेबर पेन के बावजूद प्रसूता को नहीं किया एडमिट, ठेले पर ही हो गई डिलीवरी, नवजात की मौत के बाद मचा बवाल

अधिकारी ने बताया कि लड़की ने कपड़े बदले और फिर दोनों फ्लाइट में सवार हो गए। लड़की और मां का पता उनकी फ्लाइट टिकट बुकिंग डिटेल्स से लगाया गया। मां ने बताया कि उसे पता था कि उसकी बेटी सात महीने की गर्भवती है, जिसके कारण उन्हें पारिवारिक समारोह में शामिल होने के लिए रांची जाने वाली ट्रेन पकड़ने के बजाय फ्लाइट से रांची आना पड़ा।

पुलिस स्टेशन में बयान दर्ज कराया

पुलिस ने कॉलेज की छात्रा और उसकी मां के हवाले से बताया कि लड़की के गिरने से एयरपोर्ट पर स्थिति और खराब हो गई। लड़की ने दावा किया है कि उसकी हालत अब स्थिर है, लेकिन पुलिस ने कहा कि उसे मेडिकल टेस्ट से गुजरना होगा। लड़की और उसकी मां ने पुलिस स्टेशन में अपना बयान दर्ज कराया, जिसके बाद उन्हें नोटिस दिया गया, लेकिन उन्हें जाने दिया गया।