‘लाइट बंद होते ही वो शख्स मेरे साथ अश्लील हरकत करने लगा’। एक सीनियर सेल्स एग्जक्यूटिव पर विमान में ऐसी गंदी हरकत करने का आरोप लगाने वाली महिला की शिकायत के बाद अब यह शख्स मुंबई पुलिस के कब्जे में है।  इस शख्स पर 29 साल की महिला के साथ छेड़खानी करने का आरोप है। यह महिला मुंबई की रहने वाली हैं और पेशे से वकील हैं। पीड़ित महिला वकील का कहना है कि उनके साथ यह घटना तब हुई जब वो थाई एयरवेज की फ्लाइट से यात्रा कर रही थीं। महिला वकील के साथ छेड़खानी करने वाले शख्स की पहचान चंद्रहास त्रिपाठी के तौर पर हुई है। आरोप के मुताबिक बीते सोमवार को जब विमान ने हांगकांग के डॉन मुआंग इंटरनेशनल एयरपोर्ट से मुंबई के लिए उड़ान भरी थी तब रात के वक्त जब विमान की लाइटें बंद हो गईं तब इस शख्स ने महिला के साथ छेड़खानी की।

इस मामले के आरोपी चंद्रहास त्रिपाठी को सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्यूरिटी फोर्स (सीआईएसएफ) ने उस वक्त हिरासत में लिया जब विमान मुंबई पहुंची। विमान सुबह करीब 6 बजकर 15 मिनट पर मुंबई पहुंची। जानकारी के मुताबिक आरोपी शख्स मुंबई से मध्यप्रदेश जाने के लिए दूसरा विमान पकड़ने वाला था लेकिन उससे पहले ही सीआईएसएफ ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आऱोपी अपने ऑफिस के काम से थाइलैंड गया हुआ था और बैंकॉक से उसने मुंबई लौटने के दौरान विमान में इस हरकत को अंजाम दिया।

पीड़ित ने अपनी शिकायत में कहा है कि विमान की बत्ती बुझने के बाद आरोपी शख्स ने पहले उनकी उंगली छूकर यह चेक करने की कोशिश की कि वो जगी हुई हैं या फिर सोई हुई हैं। इसके बाद उस शख्स ने इन्हें गलत तरीके से छूआ। अपनी शिकायत में पीड़ित ने आगे कहा है कि ‘मुझे महसूस हुआ कि किसी ने मुझे छूने की कोशिश की। शुरू में मुझे लगा कि इस शख्स ने ऐसा जानबूझ कर नहीं किया बल्कि गलती से हुआ है, लेकिन इसके बाद इस शख्स ने गलत तरीके से मेरी जांघ में हाथ फेरा और फिर दबाने की कोशिश की।

उन्होंने तुरंत क्रू के सदस्यों को इस बात की जानकारी दी जिसके बाद विमान में उनका सीट बदल दिया गया। विमान के मुंबई पहुंचने पर पीड़ित महिला ने क्रू के सदस्यों से शिकायत दर्ज करवाने के लिए मदद मांगी। जिसके बाद एयरलाइन के सदस्यों ने सीआईएसएफ के पास शिकायत दर्ज करवाई। हालांकि आरोपी त्रिपाठी ने कहा है कि उसपर लगे सारे आरोप निराधार हैं और उसने महिला यात्री को जानबूझ कर नहीं छुआ है।