बिहार (Bihar) के मुजफ्फरपुर (Muzaffarpur) जिले में एक मौलाना पर नाबालिग लड़की से कई बार रेप करने का आरोप लगा है। आरोप है कि नाबालिग लड़की को डरा-धमका कर मौलाना समेत 2 लोगों ने उसके साथ करीब 2 महीनों तक लगातार रेप किया। कई बार रेप होने की वजह से लड़की प्रेग्नेंट हो गई। लड़की अब एक बच्चे की मां बन चुकी है और जिस पंचायत में उसने इंसाफ के लिए आवाज उठाई है उस पंचायत ने उसे हुक्म सुनाया है कि वो अपने बच्चे को बेच दे।
हैरान कर देने वाली इस घटना के बाद लड़की इंसाफ के लिए दर-दर भटक रही है। जानकारी के मुताबिक आरोपी मौलाना का नाम मकबूल है और वो सीतामढ़ी जिले का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि मौलाना मकबूल मुजफ्फरपुर के एक मस्जिद में रहता था। उसने 15 साल की इस लड़की को खाने में नशीला पदार्थ मिला कर उससे सबसे पहली बार दुष्कर्म किया।
इसके बाद वो लड़की को अक्सर डरा-धमका कर उसके साथ रेप किया करता था। इस बीच यहीं के रहने वाले एक और शख्स मोहम्मद शोएब को भी मौलाना की इन करतूतों के बारे में पता चला गया। लेकिन बजाए इसके कि वो पीड़िता की मदद करता मोहम्मद शोएब ने भी पीड़िता को अपनी हवस का शिकार बनाना शुरू कर दिया।
करीब 2 महीने तक यह दोनों लड़की के साथ घिनौना काम करते रहे। इस दौरान लड़की गर्भवती हो गई। कच्ची उम्र में मां बनने के बाद पहली बार लड़की की शिकायत पर उसके गांव में पंचायत बुलाई गई। लड़की ने बताया कि वो मौलाना की धमकियों की वजह से उसके जुल्म सहती रही। लेकिन पंचायत ने मौलाना की गलती मानने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं पंचायत ने नाबालिग मां को अपने बच्चे को 20,000 रुपए में बेच देने का तुगलकी फरमान भी सुना दिया।
जानकारी के मुताबिक लड़की के पिता मुंबई में मजदूरी करते हैं। अब इस पूरे मामले में महिला थाने में पीड़ित पक्ष की तरफ से केस कराया गया है। पीड़िता लगातार DNA टेस्ट की मांग कर रही है ताकि उसके बच्चे के पिता के बारे में पता लगाया जा सके।
पुलिस ने इस पूरे मामले को काफी गंभीरता से लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है और डीएनए जांच समेत अन्य कानूनी कार्रवाइयों के बाद नाबालिग से रेप के आरोपियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। (और…CRIME NEWS)
