Murder Of BJP Leader: मणिपुर (Manipur) में भाजपा नेता लैशराम रामेश्वर सिंह (Laishram Rameshwor Singh) को उनके आवास के पास दो हथियारबंद अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। उन पर दो गोलियां चलाईं गईं। वारदात को थौबल जिले (Thoubal District) के क्षेत्री लीकाई (Kshetri Leikai) इलाके में उनके घर के पास अंजाम दी गई। पुलिस ने बताया कि घटना सुबह 10.30 से 11.30 बजे के बीच हुई। स्थानीय पुलिस हमलावरों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान (Search Operation) चला रही है। एल. रामेश्वर सिंह (55) मणिपुर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के महासचिव भी थे।

बंदूकधारी हमलावर बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली एक एसयूवी से आए थे

हमलावरों ने उनके सीने में गोली मारी थीं। उन्हें फौरन एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन दोपहर करीब 1 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
मणिपुर के एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने कहा, “हम इस समय यह कहने की स्थिति में नहीं हैं कि इसके पीछे कौन है।” मीडिया सूत्रों के मुताबिक हमलावर बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली एक एसयूवी से आए थे। एसयूवी में तीन लोग सवार थे।

भाजपा ने घटना को जघन्य अपराध बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की

भाजपा की मणिपुर ईकाई ने ट्वीट किया, “पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के राज्य संयोजक एल. रामेश्वर सिंह की हत्या के बारे में जानकर दुख हुआ। हम इस अमानवीय कृत्य की कड़ी निंदा करते हैं। इस जघन्य अपराध के दोषियों को न्याय के दायरे में लाया जाना चाहिए और उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।”

भाजपा की राज्य इकाई के उपाध्यक्ष सी. चिदानंद सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “हम इस कायरतापूर्ण कृत्य की कड़ी निंदा करते हैं। दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाना चाहिए और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।”