कई राज्यों में चिलचिलाती गर्मी पड़ रही है मगर इतना भी क्या परेशान होना कि ऐसी ऊल-जलूल हरकत करने पर मजबूर हो जाएं। असल में तमिलनाडु के तंजावुर से एक हैरान करने वाला वीडियो वायरल हो रहा है। यहां एक लड़का गर्मी से इतना परेशान हो गया कि चलती स्कूटी पर ही नहाने लगा।
उसने बाल्टी में पानी भरा और स्कूटी के आगे सीट के पास रख लिया। नहाने के लिए उसने साथ में एक मग भी रख लिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि वह एक हाथ से स्कूटी चला रहा है और दूसरे हाथ से नहा रहा है। वह मग से बाल्टी के अंदर से पानी निकालता है औऱ अपने ऊपर डालते जाता है। उसने हेलमेट भी नहीं लगाया है।
इस वीडियो को देखकर लोगों को हैरानी इसलिए हो रही है क्योंकि वह इस दौरान स्कूटी भी चला रहा है। माने चलती गाड़ी में वह नहा रहा है। लोगों को भले ही यह वीडियो देखकर हंसी आएगी मगर पुलिस ने इसे गंभीरता से ले लिया। माना कि लड़के को गर्मी लग रही थी मगर उसके लिए ऐसा करना किसी खतरे से खानी नहीं था। भला इस तरह कोई अपनी जान जोखिम में कैसे डाल सकता है?
लड़के ने गर्मी से बचने के लिए जान जोखिम में डाल दी
लड़का तो बीच सड़क पर स्कूटी पर नहाने का आनंद ले रहा है। ऐसा लग रहा है उसे अपनी जान से ज्यादा गर्मी की तपिश की परवाह है। उसे देखकर आस-पास के लोग हैरान है। वह चलता जाता है और नहाता जाता है। ऐसा करने से उसे गर्मी से राहत भले मिल गई हो मगर पुलिस ने उसके साथ जो किया वह शायद ही भूल पाएगा।
पुलिस ने काटा चलान
लड़के के स्कूटी पर नहाने का यह वीडियो जैसे ही वायरल हुआ पुलिस ने जांच शुरू कर दी। जांच में सामने आय़ा कि स्कूटी पर नहाने वाले युवक का नाम अरुणाचलम है। वहीं वीडियो शूट करने वाले का नाम प्रसन्ना है। पुलिस ने लापरवाही से गाड़ी चलाने औऱ दूसरे यात्रियों के लिए खतरा पैदा करने के लिए दोनों का चालान काटकर दो हजार का जुर्माना लगाया है।