सरिता विहार थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात पार्किंग को लेकर हुई मारपीट में एक शख्स की चाकू से कई बार वार कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अरविंद मंडल के तौर पर की गई है। पुलिस ने बताया कि उन पर चाकू, लोहे की राड से हमला किया गया था। घटना की सूचना शुक्रवार रात करीब 9:42 बजे मिली थी। इस हादसे में अरविंद की पत्नी रेखा मंडल और बेटे आकाश को भी चोट पहुंची है। पुलिस ने बताया कि घायलों को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों ने अरविंद मंडल को मृत घोषित कर दिया।
दक्षिणी पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजेश देव ने शनिवार को बताया कि वारदात की सूचना मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और वारदात में शामिल नाबालिग समेत चार आरोपियों को पकड़ा गया है। इनकी पहचान मदनपुर खादर निवासी राजू पात्रा (26), रवि उर्फ गोलू (19) और शंभू (26) को तौर पर की गई है। एक आरोपी नाबालिग है। फिलहाल पुलिस वारदात में शामिल विजय पात्रा और मनोज हलदर की तलाश में है।
राजेश देव ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 9:42 बजे जानकारी मिली थी कि गली नंबर-9 आली विहार जेडी जिम के पास मोटरसाइकिल सवार चार पांच लड़के आए और घर में घुस कर चाकू मार दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम को पता चला कि एल-43 में अरविंद मंडल अपने परिवार के साथ रहते थे। परिवार में पत्नी रेखा और एक 15 साल का बेटा आकाश है।
अरविंद वाहन चलाने का काम करते थे। आगे की जांच में पता चला कि अरविंद मंडल अपने बेटे आकाश को शुक्रवार सुबह स्कूल से लेकर लौट रहे थे। जब वह काली मंदिर रोड प्रियंका कैंप के पास पहुंचे, इसी दौरान उनका मनोज हलदर के साथ विवाद हो गया। उनका मनोज के साथ पहले से विवाद था। शुक्रवार को भी मोटरसाइकिल पार्किंग को लेकर झगड़ा हुआ था। हालांकि, उस वक्त मामला सुलझ गया था। तब अरविंद अपने बेटे के साथ घर आ गए।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे पांच-छह की संख्या में बदमाश मोटरसाइकिल से अरविंद मंडल के घर पहुंचे। फिर चाकू व राड से अरविंद पर हमला कर दिया। उनकी पत्नी राखी मंडल बचाने आई तो उनके सिर पर भी कर किया गया। अरविंद के सीने पर बदमाशों ने चाकू से कई बार वार किया। फिर लोहे की राड से वार किया। घायल दंपति और उनके बेटे को इलाज के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अरविंद की मृत्यु हो गई। पुलिस ने बताया कि वारदात में शामिल चार आरोपियों को पकड़ लिया है। वहीं, फरार चल रहे दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।