पूर्वी दिल्ली में सुबह की सैर पर निकले एक 18 वर्षीय युवक को लड़कों के एक समूह ने कथित तौर पर 21 बार चाकू मार दिया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। हमले में घायल पीड़ित युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया पता चला है कि हमलावरों और पीड़ित के बीच पुरानी रंजिश थी।

पीड़ित के जिस्म पर मिले 21 जगह चाकू मारने के निशान

डीसीपी (पूर्व) अमृता गुगुलोथ ने कहा कि सुबह करीब 5.11 बजे उन्हें घटना के संबंध में एक पीसीआर कॉल मिली और पता चला कि आशु नाम के एक घायल व्यक्ति को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल (LBS Hospital) में भर्ती कराया गया है। उसके शरीर पर चाकुओं के हमले के 21 निशान थे। बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) रेफर कर दिया गया। वहां आखिरकार डॉक्टरों की ओर से उसे मृत घोषित कर दिया गया।

हमलावरों को पकड़ने के लिए पुलिस की दो टीम गठित

डीसीपी ने कहा कि मरने से पहले पीड़ित ने अपने बयान में खुलासा किया कि चार से पांच लड़कों ने उस पर कथित तौर पर चाकुओं से हमला किया था। आरोपी हमलावरों को पकड़ने के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने कहा कि आशु अपने पीछे पिता, मां और तीन भाई-बहनों को छोड़ गया है। आशु के परिवार वाले सदमे में हैं। उन्होंने खुद को बेसहारा बताते हुए पुलिस से जल्द इंसाफ की मांग की है।

आशु के चचेरे भाई विशाल ने लगाया हत्या का आरोप

आशु के चचेरे भाई विशाल ने हत्या का आरोप लगाते हुए कहा, “जब घटना हुई तो आशु सुबह की सैर पर निकला था। मुझे संदेह है कि स्थानीय गिरोह के लड़कों की इसमें भूमिका है क्योंकि उन्होंने पहले भी हमें जान से मारने की धमकी दी है।” पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आशु का पोस्टमार्टम रविवार को किया जाएगा। पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है।