बॉलीवुड की कई फिल्मों में आपने देखा होगा कि कोई किरदार किसी महिला या नायिका को फिल्म के स्क्रिप्ट के मुताबिक अपनी नकली पत्नी बनाकर लोगों से पैसे ऐंठता है या फिर अलग-अलग तरह से लोगों के साथ जालसाजी करता है। लेकिन आज हम बात किसी फिल्मी स्क्रिप्ट की नहीं बल्कि रियल लाइफ की कर रहे हैं जहां एक शख्स ने कुछ इसी तर्ज पर धोखाधड़ी की। हैरानी की बात यह है कि इस शख्स ने अपनी ही बीवी के साथ धोखाधड़ी कर दी। अपनी बीवी की संपत्ति को बेचने के लिए इस शख्स ने नकली बीवी का सहारा लिया।
जी हां, यह मामला राजधानी दिल्ली के लक्ष्मीनगर इलाके का है। इस मामले में युवक की असली पत्नी ने अपने पति के खिलाफ थाने में धोखा, जालसाजी और आपराधिक षड़यंत्र रचने का केस दर्ज कराया है। जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक का नाम विष्णु बराल है। विष्णु बराल की पत्नी लक्ष्मी बराल ने आरोप लगाया है कि उनके पति ने किसी महिला को अपनी नकली बीवी बनाकर रजिस्ट्रार के सामने पेश किया और अपनी असली बीवी के दो फ्लैट बेच दिए।
लक्ष्मी बराल के यह दोनों फ्लैट पांडव नगर के एफ ब्लॉक में हैं। नकली पत्नी बनाकर असली पत्नी के फ्लैट बेचने के इस मामले में पुलिस अब उन लोगों की भी तलाश कर रही है जिन्होंने इस संपत्ति को बेचने में उनकी मदद की थी। रजिस्ट्रार के सामने जो लोग झूठे गवाह बनकर गए थे उनकी भी पहचान की जा रही है।
अपनी शिकायत में लक्ष्मी बराल ने फ्लैट्स के दस्तावेज तैयार करने वाले शख्स के नाम और पते का भी जिक्र किया है। यह भी पता चला है कि विष्णु बरार पहले भी गाजियाबाद में ऐसी ही एक जालसाजी के मामले में जेल जा चुका है। इस मामले की जानकारी अब रजिस्ट्रार कार्यालय को भी दे दी गई है। (और…CRIME NEWS)
