मुंबई से हैरान करने वाली एक खबर सामने आई है। यहां एक शख्स अपने स्कूटर पर 7 बच्चों को बिठाकर सड़क पर निकल गया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अब मुंबई पुलिस ने 40 साल के इस शख्स को गैर इरादतन हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया है।
असल में शख्स ने अपने स्कूटर की सीट पर सात नाबालिग बच्चों को बिठाया था और खुद ड्राइव कर रहा था। घटना सेंट्रल मुंबई का है। इसी बीच सोहले कुरेशी नामक शख्स ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद पुलिस ने इस मामले का संज्ञान लिया और स्कूटर चलाने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल, 20 जून को ट्विटर यूजर सोहेल कुरेशी ने इस वीडियो पोस्ट किया और कहा, “यह गैर-जिम्मेदार पागल एक स्कूटर पर सात बच्चों के साथ सवारी कर रहा है। सात छोटे बच्चों की जान जोखिम में डालने के लिए उसे तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। यहां तक कि इन बच्चों के माता-पिता पर भी मुकदमा चलाया जाना चाहिए।”
आरोपी के खिलाफ ‘हत्या का प्रयास’ के तहत मामला दर्ज
ट्विटर यूजर ने मुंबई पुलिस, मुंबई पुलिस कमिश्नर और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को भी टैग किया। इस मामले में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विवेक शेंडे का कहना है कि ट्वीट के वायरल होने के बाद मुंबई पुलिस ने ताड़देव पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता की धारा 308 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
इस वीडियो को टैग करते हुए मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने रविवार को एक ट्वीट पोस्ट कर लिखा था कि “इस सवारी का हम समर्थन नहीं करते हैं! स्कूटर चलाने वाले ने अपना साथ बिठाए सभी सवारियों और अन्य लोगों की जान खतरे में डाल दी थी। आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 308 के तहत गैर इरादतन हत्या का प्रयास करने का गंभीर अपराध दर्ज किया गया है।
स्कूटर पर बैठने वाले सभी बच्चे हैं
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स सड़क पर स्कूटर चला रहा है। उसने अपने साथ करीब 7 बच्चे बिठाए हैं। स्कूटर के पीछे एक बच्चा खड़ा भी है। बच्चों के साथ बैग औऱ बाकी सामान भी है। शख्स बेखौफ होकर स्कूटर को सड़क पर दौड़ा रहा है। आस-पास गाड़ियां आ जा रही हैं। स्कूटर पर बैठे हुए सभी बच्चे हैं। इस वीडियो को देखकर लोग हैरानी जता रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने स्कूटर चलाने वाले को गिरफ्तार कर लिया है।