इस शख्स ने बड़ी ही बेदर्दी के साथ अपनी पत्नी की हत्या कर दी। जिस खौफनाक तरीके से एक पति ने अपनी जीवन संगिनी को मारा उसे सुनकर आप दहल उठेंगे। लेकिन जब आप इस खून की वजह जानेंगे तब आप और भी ज्यादा चौक जाएंगे। यह पूरा मामला हरियाणा के गुरुग्राम का है। गुरुग्राम के अशोक विहार इलाके में 28 साल का पंकज भारद्वाज अपनी पत्नी वंशिका शर्मा उर्फ नेहा के साथ रहता था। जानकारी के मुताबिक पंकज एक प्रिंटिंग प्रेस चलाता था और 28 अप्रैल 2017 को उसकी शादी वंशिका से हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी में अक्सर नोंकझोंक होती रहती थी। कई बार दोनों के बीच हाथापाई की नौबत भी आ चुकी थी।
2 फरवरी, 2019 को अचानक वंशिका के ससुराल वालों ने वंशिका के पिता महेश शर्मा को फोन कर उनकी बेटी के मौत की मनहूस खबर दी। महेश शर्मा दिल्ली के पटेल नगर इलाके में रहते हैं। बेटी की मौत की खबर सुनते ही महेश शर्मा के पैरों तले जमीन खिसक गई। महेश शर्मा और वंशिका के परिवार के अन्य सदस्य तुरंत गुरुग्राम के लिए रवाना हो गए। बेटी के ससुराल पहुंचकर घरवालों ने देखा की वंशिका की डेड बॉडी पर चाकू के कई निशान थे। इतना ही नहीं घर की दीवारों और फर्श पर लगे कुछ धब्बों को धोने की भी कोशिश की गई थी। वंशिका के परिवार वालों ने तुरंत सेक्टर -5 थाने में वंशिका की हत्या की शिकायत दर्ज कराई। अपनी शिकायत में महेश शर्मा ने बताया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित किया करते थे। इतना ही नहीं महेश शर्मा ने पुलिस को बताया कि वंशिका का पति पंकज शारीरिक संबंध बनाने के लिए उनकी बेटी को भी प्रताड़िता किया करता था।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने सबसे पहले वंशिका की डेड बॉडी को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि वंशिका के सिर पर किसी भारी चीज से हमला किया गया था। इतना ही नहीं वंशिका को चाकू से 40 बार गोद दिया गया था। जब पुलिसिया तफ्तीश आगे बढ़ी तो पुलिस को यह बात भी बड़ी अजीब लगी कि उसका पति पंकज इस दौरान लापता था। पुलिस ने तुरंत पंकज की तलाश तेज कर दी और आखिरकार उसे दबोचने में कामयाब भी हो गई।
अब पुलिस की कड़ी पूछताछ में पंकज ने चौंकाने वाले खुलासे किए। पंकज ने पुलिस को बताया कि 2 फरवरी को उसने वंशिका पर शारिरीक संबंध बनाने के लिए दवाब डाला लेकिन वंशिका ने इससे इनकार कर दिया। इसके बाद उसने गुस्से में आकर अपनी पत्नी की हत्या का प्लान बनाया। इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए उसने अपने एक साथी नसीम अहमद की मदद ली। इस रात जब वंशिका गहरी नींद में थी तो पंकज ने वंशिका के सिर पर लोहे के रॉड से हमला कर दिया। इतना ही नहीं इसके बाद पंकज ने वंशिका की छाती, पेट और कमर पर चाकू से 40 वार किए। इस हमले में वंशिका की मौत हो गई। वंशिका की मौत के बाद पंकज ने दीवार और फर्श पर पड़े खून के छींटों को साफ किया और वहां से चुपचाप फरार हो गया। पंकज ने अपने इकबालिया जुर्म में यह भी बताया कि उसने हत्या के इरादे से ही अपने दोस्त से तेज धार वाला चाकू बाजार से मंगवाया था। इस मामले में अब कानून आरोपी के जुर्म का हिसाब-किताब कर रहा है। (और…CRIME NEWS)
