हरियाणा में ट्रिपल मर्डर के एक मामले का खुलासा हुआ है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी। इसके बाद उसके दोनों बच्चों को भी मार डाला। फिर उनके शव के टुकड़े कर सिर और धड़ को अलग-अलग छिपा दिया। हालांकि, अब इस मामले का खुलासा हो गया है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मुख्य आरोपी अभी फरार है। दरअसल, एक महीने पहले पुलिस ने भिवानी जिले के खरक गांव से एक प्लास्टिक ड्रम में बिना सिर के तीन शव को बरामद किए थे। इस मामले में पुलिस ने रविवार (27 जनवरी) को दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि जिन तीन शव को बरामद किया गया था, उसमें एक शव 30 वर्षीय आसामी महिला और अन्य दो शव उसकी 12 वर्षीय तथा 3 वर्षीय बेटी के थे।
पुलिस के अनुसार, असम की रहने वाली एक महिला अपने पति से अलग होकर कुछ साल पहले बेटी के साथ भिवानी आयी थी। यहां राजेश नाम के एक व्यक्ति से उसकी मुलाकात हुई। दोनों एक-दूसरे से प्यार करने लगी। बिना शादी के ही साथ रहने लगे। तीन साल पहले दोनों की एक बेटी भी हुई। राजेश इस रिश्ते को अपने परिवारवालों से छिपाए रखना चाहता था, लेकिन कुछ समय पहले इसकी जानकारी उसके परिजनों को हो गई। साथ ही महिला द्वारा दोनों बच्चियों के पालन-पोषण के लिए पैसे मांगे जाने की वजह से राजेश गुस्से में था। आखिरकार राजेश ने छुटकारा पाने के लिए बीते साल 27 दिसंबर को अपने दोस्तों के साथ मिलकर महिला और उसकी बेटियों की हत्या की साजिश रची। हत्या के बाद सिर को काटकर जमीन में गाड़ दिया तथा शरीर के अन्य हिस्से को प्लास्टिक के ड्रम में भर दिया।
पुलिस ने बताया कि राजेश महिला को लंबे समय से परेशान कर रहा था। महिला ने इस दौरान एक दुकानदार से मदद मांगी थी। उसी दुकानदार ने शव बरामदगी की खबर अखबार में पढ़ पुलिस के समक्ष जाकर संदेह जताया और पूरी बात बताई। पुलिस ने दुकानदार के द्वारा जताए गए संदेह पर जांच करते हुए राजेश के दो सहयोगियों को, जिन्होंने कथित तौर पर हत्या में सहयोग किया था, गिरफ्तार किया है। दोनों गिरफ्तार लोगों की पहचान मखन लाल और पूनम उर्फ फौजी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि राजेश को दबोचने के लिए छापेमारी की जा रही है।