गुजरात के राजकोट शहर में बुधवार ( 5 जून) को एक व्यक्ति ने अपनी महिला रिश्तेदार को आग लगा दी और खुद को भी आग के हवाले कर दिया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक महिला गर्भवती थी। पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी चेतन पालन (40) ने कथित रूप से महिला रिश्तेदार से प्रेम करता था। इसी एकतरफा प्रेम के चलते उसने इस जघन्य घटना को अंजाम दिया।
आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्जः इस घटना में पालन और 25 वर्षीय गर्भवती महिला दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और दोनों को राजकोट के एक सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर उनका इलाज चल रहा है। गांधीग्राम पुलिस स्टेशन के निरीक्षक वी वी ओबेडारा ने बताया कि चेतन पालन के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले में आगे जांच कर रही है।
70 फीसदी झुलसेः गांधीग्राम पुलिस स्टेशन के निरीक्षक ने बताया कि पालन और महिला इस हादसे में 70 फीसदी जल चुके हैं और दोनों की हालत इस समय गंभीर बनी हुई है। इससे पहले गुजरात में सोमवार ( 3 जून) को एक बीजेपी विधायक बलराम थवाणी द्वारा और उसके समर्थकों द्वारा एक महिला के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया। यहां गुजरात के नरोडा में महिला पानी को लेकर बलराम थवाणी के पास शिकायत लेकर पहुंची थी। इस दौरान बीजेपी विधायक ने गुस्से में आकर महिला के साथ मारपीट की। यही नहीं वहां मौजूद समर्थकों ने भी महिला को पीटा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई।