पंजाब के गुरुद्वारे में बेअदबी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला पटियाला जिले के राजपुरा कस्बे के गुरुद्वारे का है। जहां गुरुद्वारा सिंह सभा में एक शख्स जूते पहनकर अंदर चला गया। इतना ही नहीं, उसने अपना सिर भी नहीं ढका था। जब गुरुद्वारे के सेवादारों की उस पर नजर पड़ी तो उन्होंने उसे बाहर निकाल दिया।
इसके बाद भी वह नहीं रूका और दोबारा घुसने की कोशिश की। इसके बाद वहां मौजूद श्रद्धालुओं को गुस्सा आ गया और उन्होंने उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
श्रद्धालुओं में आक्रोश
हमारे सहयोगी इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब के एक गुरुद्वारे में बेअदबी की घटना सामने आई है। यहां राजपुरा कस्बे के गुरुद्वारे में एक व्यक्ति जूते पहने और बिना सिर ढके अंदर घुस गया। इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। इस मामले में गुरुद्वारे के सेवादारों का कहना है कि यह एक अपमानजनक कोशिश थी।
महिला गुरुद्वारे में पी रही थी शराब
इसके पहले भी रविवार को पटियाला दुख निवारण साहिब गुरुद्वारे में एक महिला को शराब पीते हुए पाया गया था। जिसके बाद एक शख्स ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। शख्स हमेशा गुरुद्वारे आया करता था। उसका कहना था कि महिला ने इस तरह की हरकत से उसकी धार्मकि भावना को ठेस पहुंचाई थी। महिला को पवित्र सरोवर के पास शराब पीता देख उसका पारा हाई हो गया था। इसलिए उसने अपनी रिवाल्वर से ताबड़तोड़ गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी।
आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया था। हैरानी की बात यह है कि जब आरोपी कोर्ट पहुंचा तो लोगों ने उस पर फूल बरसाने शुरु कर दिए। लोगों ने आरोपी का स्वागत किया। वहीं महिला का शव लेने उसके परिवार से कोई नहीं आया था।