उत्तरप्रदेश के झांसी से एक अजीबो-गरीब मामला सामना आया है। सिटी बस में एक महिला होमगार्ड बस के कंडक्टर को इसलिए पीटने लगी क्योंकि वह उससे बस का किराया मांग रहा था। बस का किराया 33 रुपये हुआ था मगर महिला कंडक्टर को सिर्फ 20 रुपये ही दे रही थी। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद होने लगा। जिसके बाद महिला ने अपना आपा खो दिया और कंडक्टर पर थप्पड़ बरसाने लगी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पिटाई का वीडियो हुआ वायरल

असल में झांसी में मुसाफिरों के सफर को स्मार्ट बनाने के लिए सिटी बसें चलाई गई हैं मगर ये बसें मारपीट की जगह बन गई हैं। किराये को लेकर अक्सर बस कंडक्टर और यात्रियों के बीच मारपीट की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इस बार यात्री महिला थी। जो होमगार्ड भी है। जब बस कंडक्टर ने महिला से पूरा किराया मांगा तो वह भड़क गई और उसके हाथ जो लगा उसी से कंडक्टर को पीटने लगी। इस दौरान में बस में कोई यात्री दिखाई नहीं दे रहा है। वहीं महिला ने सफेद रंग का स्कार्फ पहना है। जिससे उसका चेहरा भी नहीं दिखाई दे रहा है। हालांकि जब पिटाई का वीडियो वायरल हुआ तो महिला ने कहा कि वह कंडक्टर उसे छेड़ रहा था।

महिला ने कई बार कंडक्टर को मारा

वीडियो में देखा जा सकता है कि बस का कंडक्टर अपनी सीट पर बैठा है। वहीं महिला होमगार्ड बस में खड़ी है। वह वहीं से कंडक्टर पर चिल्ला रही है। वह बार-बार कंडक्टर को अनाप-शनाप बोल रही है। इसके बाद वह कंडक्टर के पास आती है और उसे मारने लगती है। ऐसा वह एक बार नहीं बार-बार करती है। महिला ने अपने हाथ में कुछ सामान पकड़ रखा है वह उससे भी कंडक्टर को पीट रही है।

कंडक्टर उसे कुछ बोल नहीं रहा है। महिला एक-बार बोलते-बोलते पीछे जाती है फिर आगे आकर कंडक्टर पर थप्पड़ मारती है। वह एक नहीं कई बार कंडक्टर पर हाथ उठाती है। ऐसी महिलाओं की करतूतों की वजह से लोग उन महिलाओं पर भी शक करते हैं जो सच में पीड़ित होती हैं। हां यह वीडियो इस बात का सबूत है कि हर बार गलती पुरुषों की नहीं होती है। कई महिलाएं भी गलत होती हैं।