महाराष्ट्र के ठाणे से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक अधिकारी के बेटे ने अपनी गर्लफ्रेंड को कार से कुचलकर मारने की कोशिश की है। एमएसआरडीसी (MSRDC) के मैनेजिंग डायरेक्टर के बेटे अश्वजीत गायकवाड़ के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। हालांकि अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पिछले चार साल से रिलेशनशिप में थे दोनों
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अश्वजीत गायकवाड़ और पीड़िता प्रिया सिंह पिछले साढ़े चार साल से रिलेशनशिप में थे। लेकिन कुछ समय पहले प्रिया सिंह को पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है। सोमवार देर रात प्रिया सिंह अपने बॉयफ्रेंड से मिलने एक होटल के पास गई थी और इस दौरान अश्वजीत गायकवाड़ की पत्नी भी उसके साथ थी। तभी अश्वजीत गायकवाड़ प्रिया सिंह पर गुस्सा हो गया। इसके बाद दोनों के बीच काफी लड़ाई हुई और फिर अश्वजीत और उसके दोस्तों ने प्रिया के साथ मारपीट की।
इसके बाद प्रिया सिंह को अश्वजीत ने कार से कुचलने की कोशिश की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वर्तमान में प्रिया सिंह अस्पताल में एडमिट है। उसके एक पैर की हड्डी टूट गई है। कथित तौर पर प्रिया सिंह पास के कासारवडाली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने गई थी लेकिन अधिकारियों के दबाव के कारण पुलिस ने पहले मामला दर्ज नहीं किया। इसके बाद वह वहां से चली आई और सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया। अपने पोस्ट में प्रिया ने बताया कि अश्वजीत के पिता बड़े अधिकारी हैं और इस वजह से पुलिस केस दर्ज नहीं कर रही है।
पीड़िता प्रिया सिंह का ठाणे के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना पर जानकारी देते हुए ठाणे पुलिस डीसीपी अमर सिंह जाधव ने कहा कि यह घटना सोमवार सुबह 4 बजे की है। उन्होंने बताया कि पीड़िता और आरोपी के बीच झगड़ा हुआ था और उसके बाद उसके साथ मारपीट की गई।
अमर सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और आगे की करवाई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही है।