महाराष्ट्र के उल्हासनगर की 32 वर्षीय एक महिला प्रियंका गुप्ता ने शुक्रवार दोपहर राज्य सचिवालय की पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। उसके भाई ने आरोप लगाया कि उसे और उसके पति को पुलिस प्रताड़ित कर रही थी। इसी वजह से उसने जान देने की कोशिश की। महिला दूसरी मंजिल पर लगी सुरक्षा जाल में गिरी। उसे मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद उसे सेंट जॉर्ज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
महिला को हिरासत में ले लिया गया है : अस्पताल के एक अधिकारी ने कहा, “महिला की हालत स्थिर है। उसे गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में निगरानी में रखा गया है और उसके सिर और कंधे के बाईं ओर मामूली चोटें लगी हैं। सीटी स्कैन ने कोई बड़ी चोट नहीं दिखाई।” इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि महिला को हिरासत में ले लिया गया है। महिला और उसका पति उल्हासनगर में एक जूस सेंटर चलाते हैं। उसके भाई ने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस उसे और उसके पति को उसके एक पूर्व मित्र के साथ मिलकर परेशान कर रही थी।
Hindi News Today, 14 December 2019 LIVE Updates: देश की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
भाई के मुताबिक उस पर पुलिस ने झूठे केस दर्ज किए हैं : भाई के मुताबिक उसकी बहन कुछ मंत्रियों और अधिकारियों से इस मुद्दे पर उनकी मदद लेने के लिए गई थी। हालांकि उसकी बहन के पास आईडी प्रूफ नहीं था, इसलिए उसे अंदर जाने की अनुमति नहीं थी। भाई ने कहा, “मुझे पता नहीं है कि मंत्रालय में क्या हुआ था, लेकिन कुछ दिन पहले मेरी बहन और उसके पति पर कुछ पुलिस वालों ने हमला किया था। अफसरों के साथ मारपीट करने के झूठे केस में पुलिस ने उन पर मुकदमा भी दर्ज कराया था। पति को जेल भेज दिया। उनके जूस सेंटर को अज्ञात लोगों ने तोड़ दिया। मेरी बहन न्याय चाहती है।”
मौके पर मौजूद एक अधिकारी ने भी घटना की पुष्टि की है : मंत्रालय में एक अधिकारी ने नाम नहीं बताने की शर्त पर कहा कि वह घटना का गवाह है। उसने बताया, “महिला रो रही थी और कह रही थी कि मैं मरना चाहती हूं। कृपया मेरे पति को बचाएं।” घटना के समय वहां पर काफी लोग मौजूद थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
