महाराष्ट्र के पुणे में एक व्यक्ति को एक संदिग्ध महिला ने फेक आईफोन का गिफ्ट वाउचर देकर 63 हजार रुपए ठग लिए। धानोरी निवासी 24 वर्षीय पीड़ित ने बुधवार को विश्रांतवाड़ी थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। गिफ्ट वाउचर के चक्कर में पीड़ित अपना नुकसान कर बैठा। पुलिस ने एक महिला और कई अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
खुद को शापिंग पोर्टल की कर्मचारी बताया : पुलिस ने कहा कि पहली नवंबर को एक महिला ने उसके सेल फोन पर काल किया। उसने खुद को एक बड़ी शापिंग पोर्टल की कर्मचारी बताकर उससे कहा कि उसके नाम पर एक प्रमोशनल एप्पल आई फोन गिफ्ट वाउचर आया है। उसने कहा कि इसे पाने के लिए उसे कम से कम 5000 रुपए के सामान शापिंग पोर्टल से खरीदने होंगे।
Hindi News Today, 29 November 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
पीड़ित ने पेटीएम और गूगल पे से भेजे पैसे : महिला ने आगे कहा कि उसे जीएसटी तथा कुछ अन्य उद्देश्यों के लिए कुछ और देना होगा। पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता ने उसे 63473 रुपए पेटीएम और गूगल पे के माध्यम से भेज दिया। जबकि उसे कभी भी आईफोन नहीं मिला। जब उसको पता चला कि वह ठग लिया गया है तो वह पुलिस के पास गया।
नोएडा में भी चल रहा यह धंधा : गिफ्ट वॉउचर और बंपर छूट के नाम पर लोगों का ठगने का धंधा खूब चल रहा है। नोएडा पुलिस ने एक दिन पहले ही दो कॉल सेंटरों में छापा मारकर 45 लोगों को पकड़ा है। ये लोग फोन से कॉल करके पहले गिफ्ट, कैशबैक आदि का लालच देते हैं, बाद में पैसे ठगने के बाद गायब हो जाते हैं। इनके चंगुल में फंसे लोग सब कुछ गंवाने के बाद पुलिस से शिकायत करते हैं।
