मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक सिक्यॉरिटी गार्ड ने शोरगुल से परेशान होकर अपनी 12 बोर की बंदूक से एक युवक को पॉइंट ब्लैंक रेंज से गोली मार दी तथा एक अन्य को घायल कर दिया। वारदात के बाद वहां खलबली मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। मौका पाकर गार्ड भी फरार हो गया। पड़ोसियों से सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

नाइट ड्यूटी के बाद आराम कर रहा था गार्ड : ग्वालियर के दानोली इलाके का आरोपी अक्कू शर्मा सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था। उसने बताया कि वह नाइट ड्यूटी करने के बाद दोपहर को आराम कर रहा था, तभी कबीर तोमर (25) और उसके कुछ साथी सड़क पर शोर मचाने लगे। कबीर किसी बात पर अपने भतीजे को डांट रहा था। उसकी शोर सुनकर आरोपी गार्ड अक्कू शर्मा की बार-बार नींद खुल जा रही थी। इससे परेशान होकर उसने अपनी 12 बोर की बंदूक उठाई और गोली चला दी। पहली गोली खाली चली गई, लेकिन आवाज सुनकर लोगों में खलबली मच गई और वे इधर-उधर भागने लगे।
Hindi News Today, 17 November 2019 LIVE Updates: बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें

पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस : इसके बाद अक्कू बाहर निकल आया और बीच सड़क पर उसने कबीर की तरफ बंदूक तानी और कुछ इंच की दूरी से उस पर फायर कर दिया। गोली लगने से कबीर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और एक अन्य युवक बालेंदु शर्मा घायल हो गए। उसको सड़क पर गिरा देख अक्कू वहां से फरार हो गया। घटना से दहशत में आए पड़ोसियों ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल बालेंदु शर्मा को हॉस्पिटल पहुंचाया और कबीर के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

काफी मशक्कत के बाद आरोपी गिरफ्तार : पुलिस ने आरोपी गार्ड अक्कू शर्मा की खोजबीन की, लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी। काफी मशक्कत के बाद शुक्रवार को उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि शोरगुल की वजह से बार-बार उसकी नींद खुल जा रही थी। इससे वह परेशान हो गया था। इसी वजह से वह उठा और बंदूक से गोली चला दी। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।