यूपी के लखनऊ से सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां सोमवार को 48 साल के एक पुलिस इंस्पेक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शहर के मानस नगर इलाके की है। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह को वे अपने परिवार के साथ एक रिश्तेदार के घर खाना खाने गए थे। घर लौटने के बाद वे गाड़ी से नीचे उतरे और घर का मेन गेट खोलने जा रहे थे। तभी वहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपी ने उन्हें गोली मार दी। घटना से इलाके में दहशत है।
पुलिस ने मृतक की पहचान सतीश कुमार के रूप में की है। वे प्रयागराज में चौथी बटालियन प्रादेशिक सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) में क्वार्टरमास्टर थे। पुलिस के अनुसार, यह घटना तब हुई जब पुलिस इंस्पेक्टर सतीश, उनकी पत्नी और बेटी एक रिश्तेदार के घर से खाना खाकर घर लौटे।
दक्षिण जोन के पुलिस उपायुक्त विनीत जायसवाल ने कहा कि मामले को साल्व करने की कोशिश की जा रही है। जांच शुरू कर दी गई है। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज इकट्ठा कर रही है। वहीं मृतक पुलिस इंस्पेक्टर के परिवार ने कहा कि कुमार की किसी से दुश्मनी नहीं थी।
रिश्तेदार के घर से परिवार संग खाना खा कर लौटे थे इंस्पेक्टर
पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 2 बजे कुमार, उनकी पत्नी भावना और उनकी 10 साल की बेटी एक रिश्तेदार के घर से लौटे थे। कुमार घर का मेन गेट खोलने के लिए अपनी गाड़ी से बाहर निकले तभी एक शख्स ने कथित तौर पर उन्हें गोली मार दी। इसके बाद कुमार जमीन पर गिर गए और गोली चलाने वाला भाग निकला। घटना के बाद भावना मदद के लिए चिल्लाने लगी। भावना की आवाज सुनकर आस-पास के लोग कुमार को अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कुमार रायबरेली के मूल निवासी थे। वे 2007 में पुलिस बल में शामिल हुए थे। 2011 में उनकी शादी हुई थी। वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। फिलहाल मामले में आगे की जांच की जा रही है।