झारखंड के चतरा जिले से दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां गांव वालों पर आरोप है कि उन्होंने एक प्रेमी जोड़े को खंभे से बांधकर इतना पीटा कि महिला की मौके पर मौत हो गई। वहीं प्रेमी को पीटकर अधमरा कर दिया। इतना ही नहीं इसके बाद आरोपियों ने आनन-फानन में महिला का अंतिम संस्कार भी कर दिया और पंचायत बुलाकर उसके जान की तीन लाख कीमत लगाई। जब तक पुलिस घटना स्थल पर पहुंची गांव के लोगों ने महिला की मौत को सुसाइड में बदल दिया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना बरैनी पंचायत अंतर्गत घोर नक्सल प्रभावित मसूरियातरी गांव की है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। नेटवर्क 18 की खबर के अनुसार, महिला शादीशुदा थी। उसका पति बाहर कमाता था। उसकी एक बेटी भी है।

खंभे से बांधकर पिटाई

दरअसल, घटना बीती रात की है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने इस मामले को संज्ञान में लिया। इसके बाद एसपी राकेश रंजन ने सदर थाना पुलिस को जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया।

हुआ यूं कि मसूरियातरी गांव का रहने वाले शख्स घोपिन गंझू की रहने वाली प्रेमिका सुगिया देवी से रात को मिलने पहुंचा था। दोनों को गांव के कमल गंझु,अनिल गंझू और बोधा गंझू समेत अन्य लोगों ने आपत्तिजनक हालत में रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने दोनों को खंबे से बांधकर पीटना शुरू कर दिया। कहा जा रहा है कि पिटाई के दौरान की सुगिया देवी की मौत हो गई। वहीं घोपिन गंझू बुरी तरह घायल हो गया।

महिला की मौत की कीमत तीन लाख

मामले को दबाने के लिए गांव वालों ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई। आरोपियों ने पंचायत बुलाई और सुगिया देवी की मौत की कीमत तीन लाख लगाई। इसके बाद जल्दी-जल्दी महिला का अंतिम संस्कार कर दिया। उन्होंने महिला के परिजनों को धमकी दी कि अगर उन्होंने पुलिस से संपर्क करने की कोशिश की तो परिणाम अच्छा नहीं होगा।

बेटी की मौत पर परिजनों ने क्या कहा

इस मामले में महिला के परिजनों का कहना है कि उनके पास युवक की पिटाई का वीडियो भेजा गया था। उनसे कहा गया था कि वे तुरंत मसूरियातरी गांव पहुंचे। इसके बाद वे फौरन बेटी के ससुराल मसूरियातरी पहुंचे। उन्होंने देखा कि बेटी का शव खून से लथपथ है।

पुलिस को बिना बताए महिला का किया अंतिम संस्कार

परिजन कुछ करते इसके पहले की गांव वालों ने पंचायत बुला ली औऱ महिला की बेटी के खाते में तीन लाख रुपये डालने की बात कहकर मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया। उन्होंने महिला के दश कर्म का खर्चा उठाने की भी बात कही थी। इतना ही नहीं उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी नहीं देने के लिए फतवा भी जारी कर दिया था। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।