देश भर में मुंबई मीरा मर्डर केस के चर्चे हो रहे हैं। कई लोग इस घटना पर हैरानी जता रहे हैं। ताजा जानकारी में यह बात समाने आई थी कि आरोपी मनोज साने ने सरस्वती विद्या से शादी कर ली थी मगर सभी से इस बात को छिपा कर रखा था। वहीं विद्या ने लोगों को बताया था कि वह उसका मामा है। अभी केस पूरी तरह सुलझा नहीं है कि एक और मर्डर मिस्ट्री की हॉरर कहानी सामने आ गई है। मामला भले भारत का नहीं है मगर आरोपी ने पीड़िता के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दी है। मामला स्पेन का है। चलिए पूरे घटनाक्रम के बारे में आपको बताते हैं।
डेली मिरर में छपी एक खबर के अनुसार, स्पेन की 22 साल की महिला को उसके लिव इन पार्टनर ने 9 साल पहले बड़ी ही बेरहमी से जान से मार दिया था। अब महिला के अवशेष उसके फ्लैट के दो दिवारों के बीच से बरामद हुए हैं। पीड़िता का नाम सिबोरा गगनी था। जो बॉयफ्रेंड से ब्रेकअप के बाद एकदम से गायब हो गई थी। पुलिस ने उसकी काफी खोजबीन की थी मगर कोई जानकारी हासिल नहीं हुई थी। इसके बाद पुलिस ने उसे तलाशना बंद कर दिया।
शव के टुकड़ों को पॉलिथीन बैग में रखकर दो दीवारों के बीच छिपाया
अब 9 साल बाद सिबोरा गगनी की हत्या का खुलासा तब हुआ जब उसके लिव इन पार्टनर को एक अन्य महिला पॉला की हत्या के आरोप में पिछले महीने गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने सिबोरा की हत्या के बारे में खुद पुलिस को जानकारी दी। उसने कबूल किया कि 9 साल पहले इसने सिबोरा की हत्या कर लाश को उसके फ्लैट की दीवारों में ही छिपा दिया था।
आरोपी का नाम मार्को गियाओ रोमियो है। उसकी उम्र 45 साल है। उसने पुलिस स्टेशन के नोटिस बोर्ड पर सिबोरा की तस्वीर देखने के बाद सिबोरा हत्याकांड का खुलासा किया। उसने अपना गुनाह कबूल करते हुए कहा कि सिबोरा की हत्या करने के बाद उसने उसके शव पर तेजाब डाला था। इसके बाद उसके शव के टुकड़ों को पॉलिथीन बैग में भरकर एक बक्से में रखकर दो दिवारों के बीच छिपा दिया था। रिपोर्टस के अनुसार, सिबोरा 7 जुलाई 2003 को लापता हो गई थी।
आरोपी के खुलासे के बाद उस फ्लैट की तलाशी ली गई जहां पुलिस दो दिवारों के बीच एक बक्सा मिला। उस बक्से में शव के टुकड़े पॉलिथीन बैग में रखे हुए थे। उस बक्से में फूलों का एक गुलदस्ता भी था। फिलहाल पुलिस ने सिबोरा के अवशेषों को जांच के लिए भेज दिया है।