आज बात राजस्थान के कोटा में हुए एक नाबालिग छात्रा के कत्ल की जिसने पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया था। इस मामले में छात्रा के ट्यूशन टीचर को पुलिस ने हफ्ते भर बाद गुरुग्राम से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ में इस कत्ल में जो कहानी सामने आई उसने पुलिस समेत सभी के होश उड़ा दिए। आरोपी युवक ने बताया कि उसने हत्या करने के बहुत सारे तरीके खोजे थे और कई फिल्में भी देखी थी।
कत्ल की इस वारदात की तारीख थी 13 फरवरी 2022 और जगह कोटा रही। गौरव जैन नाम का एक युवक 15 साल की छात्रा को ट्यूशन पढ़ाता था और वह उसी से प्यार कर बैठा। वैलेंटाइन डे के एक दिन पहले उसने छात्रा को पढ़ाने के दौरान प्रपोज किया लेकिन जब छात्रा ने विरोध किया तो वह गुस्से में पागल हो गया। ऐसे में उसने पहले छात्रा से जोर-जबरदस्ती की फिर गला घोंटकर हत्या कर दी।
गौरव जैन नाम का यह युवक छात्रा को बीते 3 साल से ट्यूशन दे रहा था। वह फरवरी में कई दिनों से प्रपोज करने की तैयारी में था। इसके अलावा उसने लड़की के मना कर देने के बाद क्या करना है उसकी भी पूरी तैयारी कर रखी थी। जिसमें उसे लड़की के कत्ल को अंजाम देना था। कई दिनों तक इंटरनेट पर उसने हत्या करने के तरीके सीखे और फिर गौरव ने बाजीगर फिल्म देखी।
इसके अलावा, उसने यह भी सोच रखा था कि अगर लड़की मान गई तो ठीक नहीं तो कत्ल के बाद उसे कैसे फरार होना है। इसके लिए वह कई दिनों से लड़की की ड्रेस ट्राई करता रहता और स्कार्फ बांधने के तरीके सीखे। फिर पूरे कत्ल के हर पहलू पर खौफनाक योजना तैयार की। 13 फरवरी को लड़की ने विरोध किया तो उसने फिल्मी तरीके से गला घोंटा और शव को फंदे से लटकाकर लड़की के हुलिए में फरार हो गया।
इन सबके बीच उसने हत्या के एक दिन पहले ही एक लड़की के नाम पर टिकट भी बुक करवा रखी थी। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए दो दर्जन से ज्यादा टीमें लगाईं, हजारों सीसीटीवी फुटेज जांची और कॉल डिटेल खंगाली। वह आठ दिन तक पंद्रह शहरों में लड़की के हुलिए में घूमता रहा। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि उसकी बहन गुरुग्राम में रहती है। इसी कड़ी में पुलिस गुरुग्राम पहुंची जहां से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी गौरव जैन ने पूरा घटनाक्रम बताया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास पैसे ख़त्म हो चुके थे इसलिए वह बहन के घर पहुंचा था। पुलिस ने बताया कि आरोपी छात्र से एकतरफा प्यार करता था। वारदात के दिन वह घर से लड़कियों की तरह स्कार्फ पहनकर व ड्रेसअप होकर निकला था। जब तक उसके पास पैसे थे तब तक आरोपी घूमता रहा लेकिन पैसे खर्च हो जाने के बाद वह अपनी बहन के पास पहुंचा था।