7 दिन पुलिस की 7 टीमें और एक बड़ी सफलता। भाजपा के पूर्व सांसद स्वामी चिन्मयानंद पर आरोप लगाने वाली लड़की को पुलिस ने आखिरकार ढूंढ निकाला। हालांकि लड़की को खोज कर सामने लाना पुलिस के लिए किसी कड़ी चुनौती से कम नहीं था। वो भी तब जब लड़की का लोकेशन तो दिल्ली में दिख रहा था लेकिन उसका अता-पता कहीं नहीं मिल रहा था। लड़की को खोजने के लिए पुलिस ने बड़े पापड़ बेले। हम आपको बताते हैं एक दिलचस्प पुलिसिया तफ्तीश की पूरी कहानी।
अगर लड़की के पिता की बातों को सच माने तो लड़की रक्षाबंधन के दिन यानी 15 अगस्त से ही लापता थी। लेकिन इस मामले पर बवाल तब बढ़ा जब बीते 23 अगस्त को इस लड़की ने एक फेसबुक वीडियो जारी कर बताया था कि संत से राजनेता बने एक बड़े शख्स ने उसकी और कई छात्रों की जिंदगी बर्बाद की है।
इस वीडियो में लड़की ने अपनी जान को लेकर खतरा भी जताया था। इस वीडियो के सामने आने के बाद यह कहा जाने लगा कि लड़की रहस्यमयी ढंग से गायब हो गई है क्योंकि परिवार वाले भी उससे संपर्क नहीं कर पा रहे थे और उसका दोनों मोबाइल नंबर 15 अगस्त से ही स्विच ऑफ बता रहा था।
करीब 15 दिन बाद यानी 30 अगस्त को इस लड़की को आखिरकार पुलिस ने ढूंढ निकाला लेकिन कमाल की बात यह कि जिस लड़की का लोकेशन पुलिस को दिल्ली से मिला था वो राजस्थान में मिली। जब लड़की के पिता उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट लेकर थाने पहुंचे तो पुलिस के सामने बड़ा दबाव था कि वो इस लड़की को सही-सलामत बरामद करे ताकि इस मामले की पूरी तफ्तीश सही दिशा में हो सके।
पुलिस ने जब लड़की की तलाश शुरू की तो सबसे पहले 23 तारीख के उसके वीडियो को गौर से देखा। पुलिस को यह संदेह हुआ कि यह वीडियो किसी कार में बैठ कर बनाया गया है। लेकिन यह वीडियो कहां बनाया गया है? इसका कोई जवाब पुलिस के पास मौजूद नहीं था।
लिहाजा उत्तर प्रदेश पुलिस ने लापता लड़की की तलाश के लिए पुलिस की 7 अलग-अलग टीमें बनाईं। यह सभी टीमें अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही थीं। इतना ही नहीं लड़की को तलाशने के लिए दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान पुलिस की भी मदद ली जा रही थी क्योंकि यह इलाके यूपी से सटे हुए थे।
लड़की की तलाश के दौरान बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक अविनाश चंद्र ने बताया था कि आखिरी बार पीडि़ता का लोकेशन दिल्ली के द्वारका इलाके के एक होटल के आसपास 23 अगस्त को मिला था। लेकिन पुलिस की टीम के वहां पहुंचने से पहले ही लड़की वहां से जा चुकी थी।
पुलिस के मुताबिक दिल्ली में सीसीटीवी फुटेज में लड़की के साथ एक लड़का भी दिखाई दिया था। इसके बाद 24 अगस्त को लड़की के पिता ने बताया था कि उन्हें एक अनजान नंबर से बेटी का फोन आया था जिसने उन्हें बताया था कि वो ठीक है। इसके बाद उसका फोन कट गया था।
पुलिस की सातों टीमों ने लड़की की तलाश में हर जगह खाक छानना शुरू कर दिया। लड़की का लोकेशन जानने के लिए पुलिस ने तकनीक का सहारा लिया। सर्विलांस औऱ तकनीकि विशेषज्ञ भी इस लड़की का सुराग ढूंढने में लगे हुए थे। इसके बाद पुलिस को लड़की का लोकेशन राजस्थान में मिली।
यूपी पुलिस की स्पेशल टीम ने राजस्थान में लड़की की लोकेशन को पक्का करने के लिए तकनीक का सहारा लिया। जानकारी पुख्ता होने के बाद यूपी पुलिस की स्पेशल टीम गुपचुप तरीके से राजस्थान पहुंच गई। शुक्रवार (30 अगस्त, 2019) को राजस्थान के जयपुर से करीब 95 किलोमीटर दूरे टोंक स्थित एक होटल से लड़की को पुलिस ने खोज निकाला। यहां लड़की अपने दोस्त संजय सिंह के ही साथ थी। (और…CRIME NEWS)
